रुद्रपुर: शानू प्रताप गोलीकांड का फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। वर्ष 2022 में शानू प्रताप गोलीकांड के फरार चल रहे इनामी बदमाश को थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार पुलिस ने हरियाणा में जाकर दबिश दी। मगर कोई सुराग नहीं लगने के बाद पुलिस ने आरोपी पर इनाम घोषित कर दिया था।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने गुरुवार को खुलासा करते हुए बताया कि शानू प्रताप निवासी बगवाड़ा ने बताया था कि 29 मई 2022 को वह अपने भतीजे मोहित कुमार जो फुलसुंगी मार्ग स्थित एक अस्पताल में भर्ती था। उसे खाना देने जा रहा था। जिसका इंस्टाग्राम में किसी लड़की को लेकर 28 मई को शिवम और सूरज मिस्त्री के साथ फोन पर विवाद हो गया था।
बताया कि सूरज मिस्त्री, निवासी शिवनगर अपने साथी संजय चौहान व पंकज के साथ बाइक पर बैठकर अस्पताल आए और उससे गाली गलौज करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने फोन कर अपने दोस्तों को भी बुला लिया। साथियों के आने पर सूरज मिस्त्री ने तमंचा निकालकर गोली मारने का प्रयास किया तो उसने तमंचा छीन लिया और आत्मरक्षा में उसी तमंचे से गोली चला दी। जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस को तमंचा सुपुर्द करते हुए केस पंजीकृत करवाया था। बताया कि प्रकरण में मनोज चौहान, हिमांशु उर्फ जस्सी, विवेक परगाई, विशाल श्रीवास्तव सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मगर मुख्य हमलावर पंकज यादव निवासी ग्राम उच्छा थाना कोशाली जिला रेवाड़ी हरियाणा फरार चल रहा था।
जिसकी गिरफ्तारी के काफी प्रयास किए। मगर आरोपी के फरारी के दौरान उस पर 15000 हजार का इनाम घोषित कर दिया। बताया कि बुधवार की रात सूचना मिली कि आरोपी आवास विकास इलाके में घूमता हुआ दिखाई दिया है तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
