UP Nikay Chunav: Banda में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- ट्रिपल इंजन की सरकार से बदलेगी नगर की तस्वीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

UP Nikay Chunav जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बांदा पहुंचें।

UP Nikay Chunav जलशक्ति राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बांदा और तिंदवारी में आयोजित सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार से बदलेगी नगर की तस्वीर।

बांदा, अमृत विचार। UP Nikay Chunav धन की देवी लक्ष्मी हाथी, साइकिल और हाथ के पंजे में नहीं बल्कि कमल पर बैठकर आती हैं। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने गरीबों का बैंक में खाता खोलकर उन्हें पक्का मकान, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन के साथ ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 5 लाख तक का मुफ्त इलाज देने का काम किया है। डबल इंजन की सरकार यहां पहले से ही चल रही है, अब आपको ट्रिपल इंजन की सरकार की बनानी है ताकि आपके नगर का भी तेजी से विकास हो सके।

उक्त उद्गार गुरुवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शहर के एक मैरिज हाउस और तिन्दवारी कस्बे में भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में व्यक्त किये। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के हर घर में नल के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का भागीरथी कार्य भाजपा की मोदी और योगी सरकार कर रही है।

अब हमारा लक्ष्य बुंदेलखंड के प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में कांवड़ यात्रा बंद कर दी जाती थी, लेकिन आज उसी कावड़ यात्रा का स्वागत हेलीकॉप्टर से फूल बसाकर किया जाता है। सबका साथ- सबका विकास के मंत्र पर चलकर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। घर-घर विकास पहुंचाकर आम जनता की आशाओं को पूरा करने का काम किया जा रहा है। कहा कि आज जरूरतमंदों के साथ केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार खड़ी है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत 15 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है वही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी तेल, शक्कर, दाल आदि का वितरण किया जा रहा है। केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में योगी सरकार बना कर आप सभी ने डबल इंजन की सरकार बनाई है वैसे ही नगर निकाय में भी कमल खिला कर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का संकल्प लें। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके नगर का चौमुखी विकास करेंगे और इस कस्बे को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करेंगे।

सम्मेलन को जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने संबोधित करते हुए नगर निकाय चुनाव में कमल खिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के प्रत्येक वर्ग को बिना भेदभाव के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी कमलावती सिंह, सांसद आरके पटेल, विधायक प्रकाश द्विवेदी ने भी भाजपा के प्रत्याशियों को विजयश्री दिलाने की अपील की, ताकि नगर में भी भाजपा की सरकार बन सके और शहर का तेजी से विकास हो सके। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डॉ.धर्मेंद्र त्रिपाठी,ममता मिश्रा,और मालती बासू समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे संचालन अखिलेश नाथ दीक्षित ने किया।

संबंधित समाचार