चित्रकूट : आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में मनोज को उठाया !

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस का इंकार, समर्थकों की भीड़ ने थाने में की नारेबाजी

चित्रकूट, अमृत विचार। गुरुवार रात राजापुर में तब हड़कंप मच गया, जब सूचना मिली कि नगर पंचायत के निर्वतमान अध्यक्ष आदर्श मनोज द्विवेदी के पति मनोज को थाना पुलिस ने कथित रूप से आचार संहिता के उल्लंघन पर उठा लिया। एसओ राजापुर भास्कर मिश्र और उप जिलाधिकारी प्रमोद झा ने मनोज को थाने पर बैठाने की बात से हालांकि इंकार किया है। सैकड़ों समर्थकों की भीड़ थाने के बाहर नारेबाजी करने लगी। लोगों का बढ़ता विरोध देख मनोज को घर जाने दिया गया। 

गौरतलब है कि आदर्श मनोज द्विवेदी इस बार भी नगर पंचायत अध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को मनोज द्विवेदी कथित रूप से अपनी पत्नी के चुनाव चिह्न की टीशर्ट पहने थे। बताया जाता है कि इसकी शिकायत मिलने पर प्रशासन सक्रिय हो गया और थाना पुलिस उनको थाने ले गई। यहां यह बता देना उचित होगा कि आदर्श मनोज निर्दलीय प्रत्याशी हैं और स्थानीय लोगों की मानी जाए तो वह भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दे रही हैं। भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक आनंद शुक्ला के करीबी माने जाते हैं और वह उनके लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं। 

पूर्व विधायक बोले, सहानुभूति लेने की कोशिश

उधर, जब इस संबंध में पूर्व विधायक मऊ-मानिकपुर आनंद शुक्ला से बात की तो उन्होंने पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि उनको इसकी कोई जानकारी नहीं है। मनोज चुनाव में वोटरों की सहानुभूति पाने के लिए यह कर रहे हैं। वह एक नंबर के फ्राड हैं। उनका इस पूरे मामले से कोई लेना देना नहीं।

हत्या करा सकते हैं पूर्व विधायक : मनोज

मनोज द्विवेदी ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक आनंद शुक्ला की शह पर यह सब कुछ हो रहा है। उन्होंने बताया कि उनको और उनके चार समर्थकों को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बाजार से उठाया। बताया कि उन पर पर्चा वापस लेने का भी दबाव बनाया गया। उनकी हत्या तक कराई जा सकती है। वह आनंद शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : दिव्यांग अब घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे रेलवे रियायती प्रमाण पत्र

संबंधित समाचार