पानी भरे गड्ढों में गिरे पांच बच्चों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खेलने निकले चार बच्चे बिहार से मजदूरी करने आए परिवार वालों के थे,असमोली में कक्षा चार के छात्र का पैर पानी भरे गड्ढे से गेंद निकालते वक्त फिसला

अमरोहा /संभल/अमृत विचार। दो जिलों में हुई दो घटनाओं में ईंट भट्ठों पर पानी भरे गड्ढों में गिरकर पांच बच्चों की मौत हो गई। इनमें चार बच्चे गजरौला थाना क्षेत्र के गांव नौनेर में बिहार से मजदूरी करने आए परिवार वालों के थे ,जबकि संभल के असमोली थाना क्षेत्र में एक बच्चे की जान पानी भरे गड्ढे से गेंद निकालते वक्त गिरने से हुई। 

गजरौला  थाना क्षेत्र के गांव नौनेर निवासी पूर्व प्रधान पति रजब अली का गांव में ही ईट भट्ठा है। भट्ठे पर बिहारी मजदूर काम करते हैं और यहीं पर वे परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह मजदूरों के बच्चे घरों से निकलकर खेलने के लिए चले गए। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तब परिजनों को चिंता हुई । परिजन बच्चों को खोजने के लिए निकल पड़े। बच्चों के पिता अजीत और झगरू ने पानी से भरे गड्ढे में एक बच्चे का पैर देखा। उसे बाहर निकाला तो वह झगरू की दो वर्षीय बेटी नेहा निकली।

इस दौरान गड्ढे में और बच्चों के शव दिखाई दिए।  शोर मचने पर परिवार व गांव के लोग बचाव के लिए दौड़े। बच्चों को पानी से निकाल कर तुरंत निजी  चिकित्सक के पास ले गए। वहां पर चिकित्सक ने चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में रामजी का तीन वर्षीय बेटा सौरभ,  नारायण की तीन वर्षीय बेटी सोनाक्षी,  अजय का दो वर्षीय बेटा अजीत,  झगरू की दो वर्षीय बेटी नेहा शामिल हैं।  हादसे की खबर मिलते ही सीओ अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। डीएम और एसपी ने भी घटनास्थल का दौरा कर परिजनों को सांत्वना दी।

इधर संभल के असमोली थाना क्षेत्र में भी ईंट भट्ठे पर पानी भरे गड्ढे में डूबकर बच्चे की मौत हो गई। भड़के परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी मिलने पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने भट्ठा संचालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे  लोगों को शांत कराया।  थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी परशुराम उर्फ नया गांव में यूएसएफ ब्रिक वर्क्स नाम से ईंट भट्ठा है। गांव निवासी संजू का बेटा आदेश (10) प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आदेश, अभि (8), हर्ष (9) गेंद खेलते हुए ईंट भट्ठे की तरफ पहुंच गए। बच्चों की गेंद चकरोड किनारे ईंट भट्ठे के पानी भरे गड्ढे में गिर गई। आदेश गेंद को निकालने का प्रयास करने लगा और गड्ढे में गिरकर डूब गया। दूसरे बच्चों ने आदेश के गड्ढे में डूबने की जानकारी परिजनों को दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद उसे गांव में ही डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें:- Nikay Chunav 2023: मतदान समाप्ति के बाद अब जीत हार पर चर्चा

संबंधित समाचार