Kanpur Honeytrap News: फेसबुक पर दोस्ती कर करने लगी मीठी बातें, फिर अश्लील वीडियो बनाकर ठगे तीन लाख रुपये, जानें…
Kanpur Honeytrap News कानपुर में युवक हनीट्रैप का हुआ शिकार।
Kanpur Honeytrap News कानपुर के नौबस्ता थानाक्षेत्र का रहने वाला एक युवक हनीट्रैप का शिकार हुआ। युवती ने फेसबुक पर दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाया था। इसके बाद उससे ती लाख रुपये ठग लिए। बार-बार वसूली से आहत युवक आत्महत्या का प्रयास कर चुका।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Honeytrap News नौबस्ता का एक युवक हनी ट्रैप का शिकार हो गया। जिसके चक्कर में उसने तीन लाख रुपये गवां दिए। ठगों ने उसे इस कदर प्रताडि़त किया गया कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया। घर में प्रकरण की जानकारी होने के बाद नौबस्ता थाने में ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
नौबस्ता निवासी युवक की तहरीर के अनुसार अप्रैल माह में उनके पास एक महिला के नाम से फेसबुक पर दोस्ती का प्रस्ताव आया। उसने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। धीरे-धीरे मैसेंजर पर बातचीत होने लगी। इस बीच महिला ने उसका वाट्सएप नंबर लेकर वीडियो काल की। वीडियो काल के दौरान महिला की तरफ से अश्लील वीडियो चल रहा था। उसने धोखे से मोबाइल की स्क्रीन रिकार्ड कर ली। 24 अप्रैल को महिला की ओर से उसका आपत्तिजनक वीडियो उसके मोबाइल पर भेजकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग की गई।
लोकलाज के डर से उसने पैसे देने शुरू कर दिए। जब पैसे नहीं बचे तो उसने महिला का मोबाइल नंबर ब्लाक कर दिया। दो दिनों बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच के नाम से फोन किया गया और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। इसके बाद यूट्यूब से वीडियो डिलीट करने के नाम पर उनसे रुपये ठगे गए। आरोपी द्वारा उनसे करीब तीन लाख रुपये हड़पे गए।
इसके बाद भी लगातार ब्लैकमेल करते रहे। इससे आहत होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन घरवालों ने बचा लिया। इसके बाद ही वह थाने पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।
