Farrukhabad News : गंगा नहाते समय चचेरे भाई डूबे, पिता की छलांग लगाने से मौत, गोताखोर दो की तलाश में जुटे
फर्रुखाबाद में गंगा नहाते समय चचेरे भाई डूबे।
फर्रुखाबाद के कमालगंज थानाक्षेत्र में गंगा नहाते समय चचेरे भाई डूब गए। दोनों को डूबता देख पिता ने छलांग लगा दी। गोताखोरों ने पिता के शव को निकाला। जबकि गोताखोर अन्य दो की तलाश में जुटे है।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। खेत से लौटने के बाद गंगा नहाते समय चचेरे भाई गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। पुत्र और भतीजे को डूबता देखकर पिता ने बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी। वह भी गहरे पानी में जाने से डूब गए। आसपास के लोगों ने तीन लोगों को डूबता हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोर को गंगा में उतरवा कर खोज शुरू कराई। गोताखोर ने पिता के शव को बाहर निकाल लिया। पुत्र और भतीजे की तलाश जारी है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव मकूनगला टप्पा हवेली निवासी शिव कुमार शुक्रवार को अपने दस वर्षीय पुत्र रोहित और 25 वर्षीय भतीजे संजीव के साथ शुक्रवार को गंगा पार खेत में गेहूं के बोझ पलटने गए थे। शाम चार बजे तीनों लोग खेत से नाव द्वारा गंगा पार करके आए। शिव कुमार का पुत्र रोहित गंगा स्नान करने लगा। वह नहाते नहाने गहरे पानी में जाने से डूबने लगा।
चचेरे भाई को डूबता देखकर संजीव बचाने के लिए गया। वह भी गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। पुत्र और भतीजे को डूबता देखकर उनको बचाने के लिए शिव कुमार ने गंगा में छलांग लगा दी। पुत्र और भतीजे को बचाने में वह भी गहरे पानी में जाने से डूब गए। वहीं आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने तीन लोगों को डूबता देखा तो वह दौड़कर गंगा किनारे आए। डूबने वाले शिव कुमार को ग्रामीणों ने पहचान लिया। उन्होंने शिव कुमार के घर घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी पर सीओ रविंद्र नाथ राय व एसओ कमालगंज अमरपाल सिंह मौके फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गोताखोरों को बुलाकर गंगा में तीनों की तलाश शुरू कराई। डेढ़ घंटा मशक्कत के बाद गोताखारों ने शिवकुमार का शव निकाल लिया। रोहित और संजीव का पता नहीं चला। शव बाहर आते ही गंगा किनारे बैठे परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी मीनू, भाई पप्पू और बच्चों का रो-रो कर बुराहाल हो गया।
पत्नी मीनू ने बताया कि चार बेटों को सबसे बड़ा पुत्र रोहित है, जो गंगा में डूब गया है। वहीं संजीव की पत्नी रंजना का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सीओ ने बताया कि डूबे दो अन्य लोगों की तलाश कराई गई, लेकिन वह नहीं मिले। अंधेरा होने के कारण तलाश बंद करा दी है। सुबह फिर तलाश कराई जाएगी।
