कासगंज: जिसे रावण वश में नहीं कर सका उसे कांग्रेस क्या रोकेगी- केशव प्रसाद
फाइल फोटो
सोरोंजी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीर्थ नगरी सोरों में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा संबोधित की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। बोले कर्नाटक में कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र जारी कर बजरंग दल को प्रतिबंधित करने की घोषणा की है वह कांग्रेस की गलत नीति है। जिस बजरंगी को रावण वश में नहीं कर सका उसे कांग्रेस क्या रोक लेगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोरों से बीजेपी प्रत्याशी एवं सभासदों के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने भगवान वराह की धरती को नमन किया और कहा कि सोरों शूकर क्षेत्र ब्रज क्षेत्र का अंश है। भगवान वराह की निर्माण स्थली है। संत तुलसीदास की रामायण कथा पठन-पाठन की भूमि है।
कहा 11 मई को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। बोले तीर्थ की इस धरा पर पहुंचकर मन को बहुत शांति मिली है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी किया है कि यदि कांग्रेस सरकार आती है तो बजरंग दल को प्रतिबंधित कर देंगे। यह उनकी गलत मानसिकता है।
भगवान राम की सेना में बजरंग वली को रावण भी वश में नहीं कर पाया इनकी तो बात ही क्या है। भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, सांसद राजवीर सिंह व जिला मंत्री गौरी शंकर शर्मा ने भी जनसभा को संबोधित किया
यह रहे मौजूद
जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, विधायक देवेंद्र राजपूत, विधायक हरिओम वर्मा, पूर्व विधायक ममतेश शाक्य, जिला प्रभारी हर्षवर्धन सिंह , नीरज शर्मा, डा. बी.डी राना, अनीता उपाध्याय, सांत्वना पाराशर, आदित्य काकोरिया, संजय कुमार दुबे, केपी सिंह, शिवक कुमार भारद्वाज, सर्वेश दुबे, कृष्णकांत वशिष्ठ, रविंद्र ब्र्रह्मचारी, अनिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
किया गया भव्य स्वागत
पर्यटन केंद्र जनसभा स्थल पर उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दोपहर दो बजे पहुंचे। जनसभा स्थल पर पहुंचते ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने हैलीपेड पर पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कमल खिला दो, सोरों खिला देंगे
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही ऐसी है जिसने सोरों को तीर्थ स्थल घोषित किया है। अब कमल खिला दो, सोरों को खिलाने की जिम्मेदारी तो हमारी है। सोरों का चौतरफा विकास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कासगंज: अतीक-अशरफ हत्याकांड...अरुण की करतूत से परिवार की खुशियों में खलल, नाराज हैं परिजन
