बदायूं: नगर निकाय चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करेगी भाजपा- भूपेंद्र सिंह
भाजपा की जीत के लिए सभी कार्यकर्ता लोगों के घर तक जाएं
बदायूं, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के चलते भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को बदायूं पहुंचकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। शहर के कृष्णालॉन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास और आशीर्वाद भाजपा के साथ है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा पूरे प्रदेश में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति के विचारों से जुड़ी पार्टी है, जिसके कार्यकर्ता दिल से कार्य करते हैं। निकाय चुनाव में अंतिम चुनाव बूथ पर ही लड़ा जाता है। मतदान के दिन कार्यकर्ता मुस्तैदी से काम करेंगे, तभी सफलता प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत के लिए सभी कार्यकर्ता लोगों के घर तक जाएं। उन्हें सरकार की योजनाएं बताएं। वोट के दिन बूथ स्तर पर अधिक मेहनत की जरूरत होती है। इसकी तैयारी अभी से कर लें। उन्होंने कहा कि जनपद की सात नगर पालिका परिषद और 14 नगर पंचायतों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करके प्रचण्ड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य ने कहा कि अपने मजबूत संगठनात्मक ढांचे के बल पर और मोदी योगी के नेतृत्व में नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रचंड जीत के साथ इतिहास रचने जा रही है। प्रदेश का बुनियादी ढांचा बदल रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन पर लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि सरकार के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनसम्पर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से निकाय चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील करें। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मोदी व योगी के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के समर्थन व आशीर्वाद से नगर निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी।
इस मौके पर जिला प्रभारी राकेश मिश्रा, सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, एमएलसी वागीश पाठक, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, नगर पालिका प्रत्याशी दीपमाला गोयल, शैलेन्द्र मोहन शर्मा, सीमा राठौर, अर्चना गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- बदायूं: सपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव इंदु सक्सेना ने दिया फात्मा रजा को समर्थन
