बदायूं: सपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव इंदु सक्सेना ने दिया फात्मा रजा को समर्थन
पूर्व विधायक आबिद रजा बोले- इंदु सक्सेना के आने से फात्मा की जीत का दायरा बढ़ा
बदायूं, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के चलते नेताओं का एक-दूसरे को समर्थन करने का दौर जारी है। समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव इंदु सक्सेना ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल समर्थित प्रत्याशी फात्मा रज़ा को अपना समर्थन दिया। सपा के पूर्व विधायक आबिद रजा का कहना है कि इंदु सक्सेना के आने से उनकी जीत का दायरा और बढ़ गया है।
जिले में नगर पालिका दातागंज और नगर पंचायत अलापुर को छोड़कर कहीं भी किसी प्रत्याशी को अपना सिंबल नहीं दिया है। बदायूं नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए सपा के चार नेताओं ने अपना नामांकन कराया था। इनमें समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव इंदु सक्सेना और फकरे अहमद शोबी ने अपनी पत्नी का नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब सपा के पूर्व विधायक की पत्नी व पूर्व चेयरमैन फात्मा रजा और सपा नेता डॉ. शकील अहमद की भाभी नाजमी चुनाव मैदान में हैं। मंगलवार को सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव इंदु सक्सेना अपने समर्थकों के साथ फात्मा रजा के घर पहुंचीं और अपना समर्थन देने का ऐलान किया। सपा के पूर्व विधायक व पूर्व चेयरमैन फात्मा रजा ने बुकें देकर उनका स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक आबिद रजा ने कहा कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश का सम्मान करते हैं। सपा के लगभग सभी नेता उनके साथ हैं। इंदु सक्सेना के समर्थन देने पर यह बात साबित भी हो गई। सपा के वरिष्ठ नेता सलीम शेरबानी शीघ्र उनका चुनाव प्रचार करने के लिए बदायूं आएंगे। इंदु सक्सेना ने कहा कि फात्मा रजा के चुनाव जीतने से सपा और मजबूत होगी। उन्होंने वही किया जो पार्टी के हित में है। सपा व राष्ट्रीय लोकदल समर्थित प्रत्याशी फात्मा रजा ने कहा कि वह टैक्स माफ करने के अपने वादे पर अटल हैं। भाजपा जो कहती है वह करती नहीं। इंदु सक्सेना का साथ मिलने से उनके जीतने वाले वोटों की संख्या बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: सपा विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष ने किया फात्मा रजा के कार्यालय का उदघाटन
