शाहजहापुर: सपा का रहा नारा, खाली प्लाट हमारा- ब्रजेश पाठक
शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि देश में वर्ष 2014 व प्रदेश में वर्ष 2017 के पहले स्थितियां बहुत खराब थीं। भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर थी। पहले की सरकार में एक हजार से ज्यादा दंगे हुए।
समाजवादी पार्टी का नारा रहा, खाली प्लाट हमारा। शाम होते ही बहू-बेटी घर से बाहर नहीं निकलती थीं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनीं और मुख्यमंत्री योगी ने सबसे पहले एंटी रोमियो स्क्वाएड बनाकर बहन-बेटियों को बुरी नजर से देखने वालों पर नकेल कस दी। आज रात के 12 बजे भी कोई बहन-बेटी सड़क पर निकलती है तो किसी की आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं होती।
उप मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शहर के टाउन हाल स्थित गांधी सभागार में प्रबुद्ध मतदाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने नगर निगम मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा के समर्थन में लोगों में जोश भर दिया।
डिप्टी सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में खाली प्लाट को कब्जा कर लिया जाता था। गुंडे माफिया हावी रहते थे और हवा में बंदूकें लहराते थे। अब माफिया राज समाप्त हो गया है और कानून का राज स्थापित हो गया है।
उन्होंने कहा कि नगर विकास के लिए हम केंद्र और प्रदेश से रकम ला सकते हैं। उन्होंने मंचासीन वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की ओर देखते हुए कहा कि प्रदेश के खजाने की चाबी शाहजहांपुर के खन्ना के पास रहती है, इसलिए शहर और जिले के समुचित विकास के लिए अर्चना वर्मा समेत भाजपा के सभी अध्यक्ष, सदस्य और पार्षद प्रत्याशियों को जितवाएं।
नगर निकायों में जीत भाजपा की होगी तो योगी मोदी की जीत होगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में सभी गांव में पंचायत भवन जगमगा रहे हैं। प्राथमिक स्कूलों की स्थिति में सुधार हुआ है। मुस्लिम महिलाओं के भले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काम किया।
अब प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे बिजली की सप्लाई हो रही है। उन्होंने शहर के मोहल्ला बहादुरगंज और कटिया टोला की गलियों में पहले जनरेटर गड़गड़ाने का उदाहरण देते हुए कहा कि अब बिजली जाती नहीं, इसलिए कहीं जनरेटर का शोर भी नहीं होता। इससे पूर्व वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नगर पालिका परिषद से नगर निगम बनाने में अपने प्रयासों के बारे में बताया। साथ ही भाजपा के मेयर और पार्षदों को जितवाने की अपील की।
खन्ना ने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने और कराने का आहवान किया। इससे पहले भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा ने सभी से जिताने की अपील की और कहा कि कहा कि सहयोग के लिए वह सभी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठजनों की सदैव आभारी रहेंगी।
सम्मेलन को सांसद अरुण कुमार सागर, महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिलाध्यक्ष केसी मिश्र, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, भाजपा महिला मोर्चा की नीतू गुप्ता ने संबोधित किया। इस मौके पर ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय पाठक, हरिशरण वाजपेयी, अंशुल सिंह चौहान, अवधेश दीक्षित, राजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
