प्रयागराज: विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, पति समेत दो लोग हिरासत में 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। नैनी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता को बीते बुधवार की रात ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग से झुलसी विवाहिता ने पड़ोस में रहने वाली बहन के घर में भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वाले उसे ईलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। मायके वालों ने पति समेत 8 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति और एक जेठ को गिरफ़्तार भी किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। 
     
जानकारी के मुताबिक हंडिया कोतवाली क्षेत्र के लाक्षागृह निवासी हरीशचंद्र मिश्रा ने अपनी बेटी दीपा मिश्रा की शादी 7 फरवरी 2018 को दीपक पांडेय पुत्र दीनानाथ पांडेय निवासी चक विश्वनाथ नैनी के साथ पूरे रीतिरिवाजों के साथ की थी। शादी के बाद से ही दीपा को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। इस दौरान दीपा की दो बेटियां भी हो गईं। बड़ी बेटी पलक 4 साल की है और नैना 2 साल की है।

दीपा के भाई विकास ने बताया कि ससुराल वाले एक लाख नकद और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। उसे मायके से पैसे लाने का दवाब बना रहे थे। उसके साथ मारपीट करते थे। 3 मई  यानि बुधवार की रात को ससुराल वालों ने उसे पहले मारा पीटा था।

ससुरालवालों की धमकी को दीपा ने ध्यान नही दिया। उसी दिन करीब रात 12:00 से 1:00 के बीच जेठ संजय पांडेय ने उसे मारा पीटा। जेठानी अनीता देवी, सास सीता देवी व जेठानी कृष्ण ने उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद प्रकाश पांडेय ने पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी, जिससे दीपा झुलसने लगी। वह घर से चीखते हुए वह घर के बाहर सड़क की तरफ भागी तो ससुराल वाले उसे दौड़ा लिए। दीपा पड़ोस में रहने वाली अपनी बहन के घर भाग कर दरवाजा बंद कर लिया और अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना उसकी बहन ने मायके वालों को दी। मायके वाले मौके पर पहुंचे और आए उसको नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज कराया गया। 

मायके वालों ने नैनी कोतवाली में पति दीपक पांडेय, ससुर दीनानाथ पांडेय, सास सीता देवी, जेठ संजय पांडेय, हरीकृष्ण पांडेय, जेठानी अनीता पांडेय और जेठ के लड़के प्रकाश पांडेय के खिलाफ जिंदा जलाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।  पुलिस ने दीपा पांडेय की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि पति समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज: अतीक का खास गुर्गा रहा है वकील हनीफ, उमेश के कचहरी से निकलने की दी थी सटीक जानकारी   

संबंधित समाचार