हल्द्वानी: लैंड जिहाद पर चली जेसीबी, मजार समेत कई अतिक्रमण ध्वस्त
हल्द्वानी, अमृत विचार। लैंड जिहाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश के बाद एक्शन में आए विभागों की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को लामाचौड़ में वन विभाग, राजस्व और पुलिस की टीम ने कई बीघा जमीन पर काबिज कब्जे पर जेसीबी चला दी। इस कब्जे में मजार समेत कई झोपड़े शामिल हैं।
तराई केंद्रीय पूर्वी की एसडीओ शशि देव ने जानकारी देते हुए बताया कि लामाचौड़ के भाखड़ा रेंज में प्लाट नंबर 121 में कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। जिसके बाद शुक्रवार को वन विभाग की टीम पुलिस और प्रशासन के साथ मौके पर पहुंची। जहां 0.4 हेक्टेयर (करीब साढ़े 3 बीघा) पर कब्जा था। इस कब्जे में 3 से 4 झोपड़े और सीमेंटेड प्लेटफार्म (मजार) था। जेसीबी की मदद से सभी कब्जे को ध्वस्त कर जमीन खाली करा ली गई।
एसडीएम हल्द्वानी मनीष कुमार सिंह ने बताया की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा यह स्पष्ट निर्देश हैं कि वन क्षेत्रों में अवैध तरीके से हुए निर्माणों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत शुक्रवार को अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। टीम ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर दोबारा अतिक्रमण का प्रयास किया गया तो अबकी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनकी टीमें लगातार अपनी जमीन पर हुए अतिक्रमण चिह्नित कर रही है और अंतिम अतिक्रमण साफ होने पर यह कार्रवाई जारी रहेगी।
