प्रयागराज: शादी वाले घर को चोरों ने खंगाला, साढ़े 9 लाख नकदी और 16 तोला सोना उड़ाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। घर मे बहन की शादी को लेकर पूरा परिवार व्यस्त था। बारात के स्वागत और अन्य तैयारियों में सभी जुटे हुए थे। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे घर मे ताला बंद कर घर मे रहे अन्य सदस्य भी गेस्ट हाउस चले गए। जहां देर रात चोरों ने बन्द मकान को खंगाल डाला। चोरो ने मकान के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रखी आलमारी के लाकर को तोड़कर साढ़े 9 लाख रुपये और 16 तोला सोना लेकर फरार हो गए। सुबह विदाई के बाद जब महिलाएं घर पहुंची तो देखा घर के सारे दरवाजों के ताले टूटे पड़े थे। घरवालों ने तत्काल परिवार के बड़े सदस्यों को सूचना दी। सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। भुक्तभोगी ने नैनी कोतवाली में चोरी की तहरीर दी है। घटना नैनी कोतवाली के मड़ौका गांव में शुक्रवार देर रात की है। 

जानकारी के मुताबिक नैनी कोतवाली क्षेत्र के मड़ौका गांव के रहने वाले अजाक खान पुत्र मरहूम मुख्तार खान स्टील फेब्रिकेशन का काम करते है। उनके घर मे बहन की शादी पड़ी हुई थी। शुक्रवार को बहन शीबा की बारात की तैयारी चल रही थी। पूरा परिवार घर से 500 मीटर दूर एक गेस्ट हाउस में शादी की तैयारियों में जुटा था। रात करीब 9 बजे पूरा परिवार घर मे ताला बंद कर गेस्ट हाउस चला गए। गांव में भी अधिकतर लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए हुए थे। 

शुक्रवार की रात करीब दो बजे चोरो ने बन्द मकान को निशाना बनाते हुए मकान के पीछे के रास्ते से छावनी पर चढ़ गए और दूसरी मंजिल पर बने कमरे गैस कटर से दरवाजे के ताले को काटकर प्रवेश कर गए। चोरो ने कमरे में रखी दो आलमारी के लॉकर को तोड़कर साढ़े 9 लाख रुपए नकफी और 16 टोला सोना सहित अन्य कीमती सामान उठा ले गए। सुबह लड़की की विदाई के बाद जब महिलाएं घर पहुंची तो देखा कि कमरों के ताले टूटे पड़े थे। कमरों का सामान बिखरा हुआ था। महिलाओं ने घर के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। जिसके बाद सभी भागते हुए घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नैनी पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने पहुंचकर मौका मुआयना किया । भुक्तभोगी ने घटना की तहरीर नैनी कोतवाली में दी है। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह का कहना है कि चोरी की तहरीर मिली है। जांचकर चोरो को तलाश किया जा रहा है।


ये भी पढ़ें - बहराइच: ग्राम प्रधान के ससुर का बिस्तर पर मिला शव, गला दबाकर हत्या करने का आरोप    

संबंधित समाचार