बच्चों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य का उपहार देने की तैयारी में योगी सरकार, लखनऊ के तीन स्कूलों में शुरू हुई योजना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही अब स्वास्थ्य का भी उपहार देने की तैयारी योगी सरकार ने कर ली है। सीएम योगी के निर्देश पर नगर विकास विभाग और लखनऊ स्मार्ट सिटी के तहत 'स्कूल हेल्थ प्रोग्राम' के रूप में एक अनूठी पहल हुई है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत लखनऊ स्मार्ट सिटी की तरफ से स्कूल हेल्थ प्रोग्राम की शुरुआत लखनऊ के तीन स्कूलों में की गई है। इसमें नगर निगम स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 1765 विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की जांच करके उनका हेल्थ रिपोर्ट कार्ड बनाया जा रहा है।  यह हेल्थ रिपोर्ट कार्ड पूरी तरह डिजिटल होगा।  जिन बच्चों के स्वास्थ्य की जांच होगी ओर कार्ड बनेगा, उन्हें   25000 रुपए के स्वास्थ्य बीमा भी मिलेगा। पायलट प्रोजेक्ट के कंप्लीट होने के बाद प्रदेश के अन्य 9 स्मार्ट सिटीज में भी इस योजना को शुरू करने पर विचार हो रहा है।

स्मार्ट सिटी के तहत हो रही फंडिंग  

लखनऊ मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब के प्रयास से इस योजना की शुरूआत हुई है। नगर आयुक्त एवं लखनऊ स्मार्ट सिटी के मुख्य  कार्यकारी अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने उत्तर प्रदेश स्टार्टअप पॉलिसी के तहत रजिस्टर हेल्थ टेक स्टार्टअप स्टूफिट को यह कार्य करने के लिए दिया है। डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि कोविड के दौरान इस स्टार्टअप ने लखनऊ में काफी काम किया था। स्मार्ट सिटी के तहत हमने एक व्यवस्था बनाई है, जिसमें हेल्थ, एजुकेशन या टेक्नोलॉजी समेत समाज के लिए जो भी अच्छे कार्यक्रम लाते हैं, यानी की जिस स्टार्टअप से लोगों को फायदा मिले, स्टार्टअप को हम फंडिंग करते हैं। इसी के तहत इस स्टार्टअप को भी जिम्मेदारी दी गई है। ये स्टार्टअप अगर लखनऊ में सफल रहते हैं तो अन्य शहरों में भी इस तरह की योजना यानी की कार्यक्रम को आगे बढ़ा सकते हैं। ये कार्यक्रम बच्चों की सेहत के लिए काफी फायदेमंद है। इसमें बच्चों की स्कूल मैपिंग की जाती है, जैसे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूलों का दौरा करके बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करती है, ये प्रोग्राम उसी का बेहतर स्वरूप है ताकि बच्चों को वास्तव में इसका लाभ मिल सके। 

यह भी पढ़ें : लखनऊ : प्रेग्‍नेंसी में मसूड़े की सूजन कर सकती है परेशान, बीमारी को रोकने के तरीकों पर डॉक्टर की राय

 

संबंधित समाचार