बस्ती : 117 मतदान कर्मिकों ने पोस्टल बैलेट से किया मतदान, वहीं करीब 500 कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बस्ती । नगर निकाय चुनाव के लिए शनिवार को करीब पांच सौ कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में शामिल हुए कार्मिकों में से 117 ने पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान भी किया। सीडीओ व कार्मिक प्रभारी डा. राजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि पीठासीन अधिकारी मतपत्र जारी करने से पहले इसके पिछले भाग में हस्ताक्षर एवं मोहर लगाएंगे। मतदान प्रारम्भ होने तथा समाप्त होने की घोषणा करेंगे। नियमित रूप से हर दो घंटे पर डायरी लिखेंगे। मतदान अधिकारी प्रथम आने वाले मतदाता का नाम एवं क्रमांक पूँछकर मतदाता सूची में उसका नाम चिन्हित करेंगे तथा उसकी पहचान सुनिश्चित करेंगे। मतदान अधिकारी द्वितीय उसे मतपत्र देंगे तथा अमिट स्याही लगाएंगे। अध्यक्ष एवं सदस्य पद के मतपत्र के काउंटर फाइल पर मतदाता का हस्ताक्षर या अंगूठा लगवाएंगे। मतदान अधिकारी तृतीय मतदाता को अध्यक्ष पद के लिए दिए गए मतपत्र का क्रमांक मतदाता सूची में पुनः दर्ज करेगा और उस पर मतदाता के हस्ताक्षर या अंगूठा निशानी लेगा। 10 मई को सुबह नौ बजे से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जाएगी।

प्रशिक्षण अधिकारी डा. विजय प्रताप यादव ने टेंडर वोट एवं चैलेंज वोट के बारे में विस्तार से बताया। उन्होने बताया कि टेंडर वोट में मतदान के दौरान कोई ऐसा मतदाता आ सकता है, जिसके नाम से पहले ही वोट पड़ चुका है। ऐसे व्यक्ति का सत्यापन करके उसे मतपत्र बंडल की अन्तिम क्रमांक का मतपत्र दिया जाएगा तथा इसे मतपेटी में ना डालकर अलग लिफाफे में रखकर सील किया जाएगा। चैलेंज वोट में किसी मतदाता के बारे में आपत्ति किए जाने पर तथा आपत्तिकर्ता द्वारा 5 रुपये जमा करने पर जांच किया जाएगा। शिकायत सही पाये जाने पर 5 रुपये की धनराशि लौटा दी जाएगी तथा असत्य पाये जाने पर धनराशि जप्त कर ली जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की आयु 18 वर्ष से कम प्रतीत होती है, तो प्रारूप 21 में घोषणा पत्र भरवाया जाएगा। इसी प्रकार दिव्यांग या दृष्टिबाधित मतदाता को सहायक उपलब्ध कराया जाएगा। सुनिश्चित करें कि कोई सहायक केवल एक मतदाता का सहायक बनेगा। यदि कोई मतदाता किसी वजह से खराब मतपत्र लौटाता है, तो उसके स्थान पर दूसरा मतपत्र दिया जा सकता है। मतदान के उपरान्त सीलिंग प्रक्रिया की भी जानकारी दी। बताया कि चार प्रकार के पैकैट तैयार किए जाएंगे। इसमें सांविधिक लिफाफा, असांविधिक लिफाफा का अलग पैकेट तैयार होगा। प्रशिक्षण के दौरान डीडीओ अजीत श्रीवास्तव एवं बीएसए डा. इन्द्रजीत प्रजापति उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - संत कबीर नगर : नीलमणि ने कहा - नवगठित नगर पंचायत का विकास सिर्फ भाजपा से ही सम्भव

संबंधित समाचार