Nikay Chunav: Kanpur में केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर कसा तंज, बोले- निकाय चुनाव 2024 के लोकसभा का संखनाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हुए शामिल।

कानपुर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हुए शामिल। इस दौरान उन्होंने विपक्षियों पर जमकर तंज किया। उन्होंने निकाय चुनाव को 2024 का संखनाद बताया।

कानपुर, अमृत विचार। निकाय चुनाव को लेकर शहर में भाजपा के स्टार प्रचारकों का जमावड़ा लगा है। शनिवार को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक सम्मेलन में शामिल होने शहर आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह निकाय चुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव का संखनाद है। यूपी की 80 सीटों को जिताने की आप पर जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं से अपील है कि इस चुनाव को हल्के में मत लेना। ये चुनाव नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनाने का चुनाव है। इसलिए, भाजपा का हर एक कार्यकर्ता प्रत्याशी बनकर घर-घर जाए और कमल का फूल खिलाये।

साकेतनगर के मंदाकिनी होटल में आयोजित सम्मेलन में केशव विपक्षियों पर जमकर बरसे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कर्नाटक दौरे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश का यूपी से मोहभंग हो चुका है। सपा को कर्नाटक में कोई जानता नहीं है। ऐसा लगता है कि अखिलेश ने निकाय चुनाव में पराजय स्वीकार कर कर्नाटक चले गए हैं।

मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि पहले चरण में सपा की साइकिल पंचर हो गई है। अब तो लोग उसका टायर, ट्यूब, सब कुछ लोग खोल कर ले जा रहे हैं। विपक्षी लोग किसी का भला नहीं चाहते, गुंडों के शरण दाता हैं, भ्रष्टाचार बढ़ाने वाले लोग हैं। आप लोगों ने सपा, बसपा और कांग्रेस को आईसीयू में भेज दिया है। इन्हें ऑक्सीजन देने की जरूरत नहीं है, इनका सूपड़ा साफ करना है।

इस दौरान उन्होंने मतदान प्रतिशत को बढ़ाने की भी अपील की। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जयप्रकाश कुशवाहा, मनोज राजपूत, संजय विश्वकर्मा, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्या पटेल, सुनील बजाज, रमाकांत शर्मा,अनुभव कटियार, किरण निषाद, अरुण पाल, संजय कटियार, जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

13 मई सपा, बसपा, कांग्रेस गई

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 13 मई को रिजल्ट आना है इस दिन  सपा, बसपा, कांग्रेस चली गई। सपा पर तंज कसते हुए कहा कि पहले चरण के बाद भाजपा का कमल खिल चुका है। उन्होंने कहा कि विरोधी तीनों पार्टियां एक ही चट्टे बट्टे की थालियां हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मेलन में सपा और बसपा का मतलब भी बताया। उन्होंने कहा कि सपा का मतलब समाप्तवादी पार्टी और बसपा बिल्कुल समाप्तवादी पार्टी है, और कांग्रेस को तो कोई जानता तक नही है। 

कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आवास विकास कल्याणपुर स्थित क्लब 15 में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा को जिताने के लिए आप सब लगे हुए हैं। जनता के बीच लगातार जाकर अपील कीजिए, उनसे कहिए कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, आप कमल खिलाइए हम कानपुर को कमल की तरह खिला देंगे। उन्होंने दावा किया कि 100 में 75 हमारा है बाकी 25 में भी बंटवारा है।

संबंधित समाचार