बरेली: शराब के साथ बसपा प्रत्याशी का बेटा और साथी गिरफ्तार, कार से नौ पेटी बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। निकाय चुनाव में इस्तेमाल के लिए ले जाई जा रही शराब पुलिस ने पकड़ ली। पुलिस ने वार्ड-25 के बसपा प्रत्याशी के बेटे और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार से देसी शराब की नौ पेटी शराब बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

एसआई रिंकू कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह पुलिस टीम के साथ मलूकपुर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि चमन मठिया के पास वैगनआर कार से दो लोग भारी मात्रा में शराब लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने गाड़ी को रोक लिया।

गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति ने अपना नाम संजय सिंह निवासी नेकपुर बाग और दूसरे ने अपना नाम पवन कुमार निवासी मढ़ीनाथ थाना सुभाषनगर बताया। चेकिंग के दौरान कार से सोल्जर ब्रांड की देसी शराब की नौ पेटियां मिलीं, जिनमें 405 पौवे थे। इसके साथ ही वार्ड 25 से पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहीं बसपा प्रत्याशी ममता रानी की चुनाव प्रचार सामग्री भी मिली। पुलिस ने संजय और पवन को जेल भेज दिया।

 मां के चुनाव में शराब खपाने के लिए लाया था संजय
पुलिस के अनुसार पूछताछ में संजय ने बताया कि उसकी मां ममता रानी वार्ड 25 से पार्षद पद के लिए बसपा प्रत्याशी हैं। वह चुनाव में मतदाताओं को शराब पिलाने के लिए लेकर आया था। चुनाव प्रचार सामग्री पर भी प्रिंटिंग प्रेस का नाम अंकित नहीं मिला। इससे जाहिर होता है कि चुनाव खर्च छिपाने के लिए प्रचार सामग्री पर प्रिंटिंग प्रेस का नाम अंकित नहीं कराया गया है। एसआई रिंकू कुमार ने बताया कि गाड़ी को पकड़कर थाने में खड़ा कर लिया गया है। डीएम शिवाकांत द्विवेदी और आबकारी विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उसके बाद कार को जब्त कर लिया जाएगा।

बेटे के छुड़ाने के लिए कराती रहीं सिफारिश
ममता रानी और उनके सहयोगी बेटे संजय और पवन को छुड़ाने के लिए देररात तक पुलिस पर दबाव बनवाते रहे, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। पवन के पिता पुलिस में मुख्य आरक्षी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

यह भी पढ़ें- Bareilly: चौथे दिन पोस्टल बैलेट पेपर से 72 कार्मिकों ने किया मतदान

संबंधित समाचार