मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए चप्पे चप्पे पर रहेगी नजर, पुलिस लाइन से बरेली कॉलेज तक तैनात रहेगा फोर्स
मुख्यमंत्री के आने के दौरान पुलिस लाइन से बरेली कॉलेज तक का रूट रहेगा बंद
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बरेली कॉलेज के फुटबॉल मैदान में भाजपा मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम, पार्षद प्रत्याशियों और नगर पालिका और नगर पंचायत के चेयरमैन और सभासद प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करेंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों ने बरेली कॉलेज मैदान को कब्जे में ले लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में ब्रीफिंग की। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस अधिकारियों समेत करीब 900 पुलिस कर्मियों को लगाया गया है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए 4 एएसपी, 8 सीओ, 20 इंस्पेक्टर और 500 पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। इसके अलावा तीन कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को विशेष निर्देश दिए हैं। मंच और हेलीपैड पर एनएसजी कमांडो तैनात कर दिए गए हैं।
पुलिस लाइन में बने हेलीपैड से बरेली कॉलेज तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। बरेली कॉलेज में बिल्डिंग पर भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और चिकित्सीय दल को भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने देर रात तक प्लान तैयार किया। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को हिदायत दी है कि ड्यूटी के दौरान वे लोग पूरी मुस्तैदी से रहें। यदि किसी से चूक हुई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
करीब आधा घंटा पहले बंद किया जाएगा रूट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दोपहर बाद करीब 3 बजे पुलिस लाइन में हेलीकाॅप्टर से पहुंचेगे। यहां से वह बरेली कॉलेज बरेली के लिए कार से रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान पुलिस लाइन से बरेली कॉलेज तक रूट बंद रहेगा। इसके बाद जब वह रवाना होंगे। उससे करीब आधा घंटे पहले आवागमन रोक दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: शराब के साथ बसपा प्रत्याशी का बेटा और साथी गिरफ्तार, कार से नौ पेटी बरामद
