अयोध्या: नियावां से अयोध्या रोड पर चलना दूभर, लगता है लम्बा जाम
अयोध्या, अमृत विचार। रामपथ पर निर्माण कार्य के चलते जगह जगह हुई खोदाई लोगों के लिए संकट बन गई है। नियावां से लेकर अयोध्या रोड पर गाड़ी तो दूर पैदल चलना तक दूभर हो गया है। रोजाना इस रोड पर प्रायः जाम लग रहा है। धूल - मिट्टी का गुबार झेलना पड़ रहा है वह अलग।
स्थानीय निवासियों अशोक कुमार, वली अब्बास, शाहिद अंसारी, मनोज गुप्ता का कहना है कि दोनों ओर नाला खोदाई की जा रही है। कहीं चलने लायक रास्ता ही नहीं बचा है। शनिवार को ही एक खोदाई मशीन धंस गई जो मुश्किल से निकाली जा सकी। दरवाजे तक पर खोदाई से आना जाना टेढ़ी खीर हो गया है। लोगों का कहना है कि पहले एक ओर खोदाई की जानी चाहिए थी उसके बाद दूसरी ओर।
आरोप है कि खोदाई में भी मनमानी की जा रही है। लोगों को बल्ली पटरा लगा कर घर का रास्ता बनाना पड़ रहा है। रविवार को भी प्रातः 11 बजे से इस रोड पर जगह - जगह जाम लग गया जिसके कारण दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लगा गई। बता दें कि नियावां से साहबगंज तक आठ स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। बीते दिनों बारिश के बाद स्थिति और भयावह हो गई है। कहीं भी ट्रैफिक सिपाही नहीं तैनात किया गया है। जिसके कारण दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। अयोध्या और शहर मिला कर अभी तक खोदे गए यूटीलीटी डक्ट में ही लोगों के गिरने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार नहीं जाग रहे हैं।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: बड़ागांव बाजार को मिलेगी जाम से निजात, जल्द शुरू होगा चौड़ीकरण
