रामपुर वेटरन्स की टीम ने जीती चैलेंजर्स ट्राफी, रोमांचक मुकाबले में आगरा वेटरन्स को सात रन से हराया
जिलाधिकारी समेत भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ियों ने किया पुरस्कृत , शहीदे आजम स्पोटर्स स्टेडियम पर खेला गया फाइनल मैच
रामपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश वेटरन्स चैलेंजर्स क्रिकेट ट्रॉफी का फाइनल मैच रामपुर वेटरन्स की टीम ने आगरा वेटरन्स को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता और उप विजेता टीम को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने ट्राफी सौंपी।
शहीदे आजम स्पोर्टस स्टेडियम पर रविवार की सुबह रामपुर वेटरन्स की टीम के कप्तान डा. तनवीर अहमद खां ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 157 रन बनाए। जिसमें उस्मान ख्वाजा ने 43 रन, रवि चावला ने 23 और मोहसिन ने 25 रन जबकि कप्तान डा. तनवीर ने 15 रन का योगदान दिया। आगरा वेटरन्स की टीम के गेंदबाज सुमित ने 3 विकेट लिए।
जवाब में खेलने उतरी आगरा वेटरन्स की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में मात्र 150 रन ही बनाए। जिसमें धीरज ने 27 हरवीर ने 36 रन का योगदान दिया। रामपुर की ओर से विजय ने तीन और अमित जैन ने 2 विकेट लिए। मैच का मैन ऑफ द मैच उस्मान ख्वाजा को दिया गया। जबकि टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रवि चावला और गेंदबाज सुमित तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हरिओम यादव रहे।
शहीदे आजम स्पोर्टस स्टेडियम पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ भी पहुंचे और रोमांचक मुकाबले का लुत्फ लेने के बाद विजेता और उप विजेता टीमों को ट्राफी सौंपी। इसके अलावा अर्जुन अवार्ड विजेता सीओ सिटी अनुज चौधरी ने समस्त खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया। भारतीय टीम में खेल चुके खिलाड़ी गोपाल शर्मा और शशीकांत खंडेकर ने भी शहर के जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया। इस अवसर पर रामपुर व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी, जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, रामपुर के वरिष्ठ खिलाड़ी संजीव पंथ, फहीम कुरैशी, समीउल्लाह, अदा खान आदि भी मैच के दौरान मौजूद रहे।
उ. प्र. एसोसिएशन के अध्यक्ष ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित कुमार और सचिव ग्रीश कपूर ने रामपुर के पदाधिकारियों को चैलेंजर्स ट्राफी के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए रामपुर एसोसिएशन के चेयरमैन डा. तनवीर अहमद खां, अध्यक्ष दीपक शर्मा, सचिव अमित जैन और उपाध्यक्ष सचिन मित्तल ने सभी का धन्यवाद और आभार जताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट के माध्यम से उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम का चयन किया गया है यह टीम अब अन्य प्रदेश की टीमों के साथ मैच खेलेगी।
ये भी पढ़ें : रामपुर : आजम खां के करीबी रिटायर्ड सीओ आले हसन गिरफ्तार, कई मामलों में चल रहे थे फरार
