रायबरेली: पीली ईंट से हो रहा था जच्चा-बच्चा केंद्र का निर्माण, प्रधान ने बंद कराया काम
रोहनिया / रायबरेली, अमृत विचार। ठेकेदारी प्रथा से हो रहे जच्चा बच्चा केंद्र के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूटा है। उसके बाद ग्राम प्रधान ने निर्माण कार्य रोकवा दिया है। प्रधान और ग्रामीणों के आक्रोश के कारण स्वास्थ विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
क्षेत्र के गांव सलीमपुर भैरों में स्वास्थ विभाग द्वारा जच्चा बच्चा केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। करीब पांच लाख रुपए लागत से बनने वाले इस केंद्र के निर्माण का ठेका प्रयागराज की एक एजेंसी को मिला है। गांव में केंद्र के लिए जमीन का चिन्हीकरण करके पहले ही रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी गई थी। उसके बाद बजट आवंटित हुआ ,फिर निविदा स्वीकृत की गई। करीब चार दिन पहले केंद्र के निर्माण के लिए नींव खोदी गई थी। उसके बाद जब निर्माण के लिए केंद्र स्थल पर ईंटें पहुंची तो ईंटों को देखकर ग्रामीण दंग रह गए। घटिया स्तर की पीली ईंटों से जच्चा बच्चा केंद्र के निर्माण को लेकर पूरा गांव एकजुट हो गया। सोमवार की सुबह जब केंद्र निर्माण के लिए राजगीर और श्रमिक पहुंचे तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
भारी विरोध के बाद मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान शिवमूर्ति तिवारी ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। साथ ही फोन पर ठेकेदार को सूचित करके गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य करने को कहा गया है। ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य रोक दिए जाने के बाद स्वास्थ विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जिम्मेदार अधिकारी घटिया निर्माण सामग्री प्रयोग किए जाने को लेकर चुप्पी साधे हुए है। ऊंचाहार सीएचसी अधीक्षक डा. मनोज शुक्ल ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें - बहराइच: 14 लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, बलवा समेत कई धाराओं में केस दर्ज
