पीलीभीत: डिप्टी सीएम बोले- डा. आस्था शिक्षित प्रत्याशी, माफिया मुक्त पीलीभीत बनाने के लिए कमल खिलाएं
हर सीट पर कमल खिलाने की कर गए अपील, कर गए पीलीभीत में विकास का वादा
पीलीभीत, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद पीलीभीत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी डा. आस्था अग्रवाल के समर्थन में सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा की। जिसमें न सिर्फ उनके लिए वोट मांगे बल्कि यह भी वादा कर गए कि आप आशीर्वाद देकर आस्था को जिताएं। हम विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इससे पहले उन्होंने बीसलपुर में भी प्रत्याशी के समर्थन में सभा की थी।
शहर के एक बरात घर में आयोजित जनसभा में भाजपा प्रत्याशी डा. आस्था अग्रवाल ने भी मतदाताओं को साधा। उन्होंने कहा कि 11 मई को चुनाव है। आप कमल का फूल खिलाइए आपकी दिक्कतों को मैं दूर करूंगी। आप मतदान मुझे जिताने के लिए नहीं...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में किए गए विकास, शिक्षा के लिए करें। माफिया मुक्त पीलीभीत बनाने के लिए कमल खिलाएं। कहा कि जात-पात से ऊपर उठकर शुरुआत करें, बेहतर पीलीभीत बनाने के लिए आओ मिलकर नई शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि विरोधी आपका वोट तो ले सकता है लेकिन सेवा ईमानदारी से नहीं करेगा।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी डा. आस्था अग्रवाल को एक शिक्षित और बेहतर प्रत्याशी बताते हुए सराहना की। कहा कि वह यहां सिर्फ कमल खिलाने के लिए नहीं विरोधियों की जमानत कराने के लिए आए हैं। मतदाताओं से कर्ज मांगने आया हूं कि भाजपा प्रत्याशियों को वोट करें। इसे ब्याज समेत विकास के रूप में वापस किया जाएगा। बीते सालों में नगर पालिका में हुए भ्रष्टचार की जांच होगी, धांधली करने वालों से वसूली की जाएगी और नौबत पड़ी तो जेल भी भेजा जाएगा।
डबल इंजन की सरकार में पीलीभीत में कमल खिलाकर ट्रिपल इंजन जोड़िए...माफियागिरी मुक्त सुशासन हम देंगे। यह वादा करता हूं भाजपा प्रत्याशी जिताया तो विकास में न तो बजट की बाधा आएगी न कोई अन्य कमी आएगी। बोले- यूपी में सपा की साइकिल लोगों को रौंदती थी लेकिन जब से मतदाताओं ने साइकिल पंचर की है विकास बिना भेदभाव के हो रहा है।
दो दिन बचे हैं, कमल खिलाने में लगा दो। नारा लगाते हुए कहा कि 13 मई उत्तर प्रदेश से सपा, बसपा गई। इस मौके पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, प्रभारी राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश गंगवार, जिलाध्यक्ष संजीव प्रतान सिंह, पूर्व मंत्री विनोद तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र एडवोकेट आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : जनता मुझे नहीं...भाजपा की नीतियों को देगी वोट- आस्था
