Kanpur: चकेरी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का इसी माह उद्घाटन, CM Yogi बोले- काशी की तर्ज पर बनेगा पनकी मंदिर कॉरीडोर
कानपुर में सीएम योगी ने कहा कि काशी की तर्ज पर बनेगा पनकी हनुमान मंदिर कॉरीडोर।
कानपुर में सीएम योगी ने कहा कि काशी की तर्ज पर बनेगा पनकी हनुमान मंदिर कॉरीडोर। उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य बना। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चकेरी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का इसी माह उद्घाटन होगा।
कानपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मंच से शहर को कई सौगातें की। उन्होंने कहा कि चकेरी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का काम पूरा हो गया है। इस टर्मिनल का उद्घाटन करने इसी महीने हम आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कहा कि काशी की तर्ज पर पनकी स्थित हनुमान मंदिर कॉरीडोर का निर्माण कराया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी हो गई है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण और वाराणसी में काशी कॉरीडोर का निर्माण किसी से छिपा नहीं है। मथुरा के वृंदावन में भी मंदिरों का गौरव वापस ला रहे हैं। योगी ने कहा कि यूपी में 2023 के अंत तक पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा। कानपुर से भी जल्द हवाई सेवाएं बढ़ेंगी।
इसे अपना टर्मिनल मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे प्रदेश में नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। कानपुर-लखनऊ के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, रिंग रोड का निर्माण भी होने जा रहा है। सबसे ज्यादा मेट्रो यूपी में चल रही हैं। अभी कानपुर, लखनऊ, नोएडा, गोरखपुर में मेट्रो का संचालन हो रहा है। आगरा में जल्द मेट्रो चलाने जा रहे हैं। कानपुर में मेट्रो के द्वितीय फेज का भी हम जल्द उद्घाटन करने शहर आएंगे।
कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प
सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा स्थल पर जाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बैरिकेडिंग के आगे सिर्फ बड़े नेताओं की ही गाड़ी जा रही थी। ऐसे में स्कूटी और बाइक से पहुंचे कार्यकर्ताओं को गेट के बाहर ही रोक दिया गया। इस पर कई भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हो गई। बीच-बचाव कर पुलिस ने मामले को शांत किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और संघ के कार्यकर्ता संजय बाजपेई अपनी स्कूटी से जनसभा की तरफ जा रहे थे, तभी एक सिपाही और दरोगा ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। उन्होंने आगे जाने का निवेदन किया तो इस पर पुलिस कर्मी उन पर भड़क गए। यह देख पास में खड़े कलेक्टरगंज मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत द्विवेदी अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गई।
बजरंगबली और फरीदी की जोड़ी बना चर्चा
सीएम योगी की जनसभा में शामिल होने आए जूही परमपुरवा निवासी बाबा अनवार फरीदी और बजरंगबली की वेशभूषा में पहुंचे किदवई नगर निवासी गोलू भाटिया चर्चा का विषय बने रहे। लोग दोनों के साथ सेल्फी खिचाते रहे। अनवार ने कहा कि वह 1984 से भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक हैं। वहीं, अल्पसंख्यक मोर्चा के सलीम अहमद के नेतृत्व में जनसभा में काफी संख्या में मुस्लिम प्रत्याशी व समर्थक पहुंचे। सलीम अहमद ने किा कि भाजपा और योगी-मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय बीजेपी से जुड़ रहा है, उनके साथ मासूमा खातून, नगमा खातून, मुजफ्फर खान समेत बड़ी संख्या में लोग रहे।
