अमरोहा: कानूनगो व लेखपाल ने जीवित को मृत दर्शाकर दूसरे के नाम कर दी भूमि
पीड़ित ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर लगाई न्याय की गुहार
अमरोहा, अमृत विचार। कानूनगो व लेखपाल ने जालसाजी कर जीवित व्यक्ति को मृत दर्शाकर फर्द खतौनी दूसरे के नाम कर दी। पीड़ित ने जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव बांसका कला निवासी राजपाल सिंह पुत्र राम प्रसाद सैनी का कहना है कि उसकी गांव में खेती की जमीन है। जब वह फर्द खतौनी लेने के लिये तहसील गया तो उसे पता चला कि उसे मृत दर्शाकर उसकी भूमि किसी और के नाम कर दी है। कानूनगो ने लेखपाल को समुचित जांच भी नहीं करने दी। उसने तहसीलदार को मामले से अवगत कराया तो नायाब तहसीलदार को जांच सौंप दी गई।
लेकिन नायाब तहसीलदार भी उसके साथ न्याय नहीं कर सके। पीड़ित ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। उसे चिंता है, कि कहीं उसकी जमीन को तीसरे व्यक्ति के नाम न कर दिया जाये। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के कारण प्रशासनिक अधिकारी भी अपने कार्यालय में उपलब्ध नहीं है।
कुछ दिन पूर्व हसनपुर बाहर चुंगी स्थित वक्फ की संपत्ति पर भी कानूनगो, लेखपाल ने मिलकर मुतवल्ली के स्थान पर अवैध रूप से विरासत दर्ज करने का आदेश पारित किया था। उसे भी अभी निरस्त नहीं किया गया है। वह आदेश भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित के अधिवक्ता मुजाहिद चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: शहर में 13 घंटे तक प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन
