पहलवानों के समर्थन में हजमस महिलाएं 14 मई को दिल्ली कूच करेंगी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हिसार। हरियाणा जनवादी महिला समिति (हजमस) के आह्वान पर दिल्ली में जंतर-मंतर पर बैठी महिला पहलवानों के समर्थन में हिसार से सैंकड़ों महिलाएं 14 मई को दिल्ली जाएंगी। जिला प्रधान शकुंतला जाखड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को दिल्ली जाने के लिए समिति की जिला कमेटी में यह फैसला लिया गया है। इसकी तैयारियों के लिये खेल एकेडमी, स्टेडियम आदि जाकर खिलाडिय़ों से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया हुआ है।

रविवार (14 मई) को हस्ताक्षर किए गए बैनर जंतर-मंतर पर लगाये जाएंगे। इस दिन सुबह सात बजे एचएयू गेट नम्बर 4 के पास से बस दिल्ली के लिये कूच करेंगी। जाखड़ और सचिव बबली लाम्बा ने कहा कि पूरे देश के लिए यह बेहद शर्मनाक है कि देश का नाम रोशन करने वाले अंतर्राष्ट्रीय पहलवान न्याय के लिए 20 दिन से जंतर-मंतर पर धरना पर बैठी हैं। यह पिछले चार महीनों में दूसरी बार हुआ है, जब वे न्याय के लिए जंतर-मंतर पर बैठने को मजबूर हुए हैं। जनवरी में इन खिलाडिय़ों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद बृजभूषण शरण पर यौन उत्पीडन एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।

केंद्र सरकार ने जांच के लिए कमेटी गठित करके पूरे मामले को दबाने की कोशिश की, यहां तक कि जांच कमेटी द्वारा सरकार को रिपोर्ट सौंपे जाने के बावजूद, इसे अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही सात महिला खिलाड़ियों द्वारा दी गई यौन उत्पीडन की शिकायत पर पोक्सो समेत विभिन्न धाराओं में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, लेकिन पुलिस आरोपी सांसद पर गैर जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है तथा पूरे मामले पर लीपापोती करना चाहती है।

खिलाड़ियों के धरने को उठवाने के लिए विभिन्न तरह के ओच्छे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, यहां तक कि जंतर-मंतर पर पुलिस द्वारा खिलाड़ियों के साथ मारपीट तक की गई। हरियाणा में भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और जूनियर कोच द्वारा पूर्व खेलमंत्री संदीप सिंह के खिलाफ शिकायत पर चौतरफा दबाव की वजह से प्राथमिकी तो दर्ज हुई है, लेकिन अभी तक न तो मंत्री संदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है और न ही मंत्रिमंडल से हटाया गया है। 

ये भी पढ़ें : नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी को 20 वर्ष कठोर कारावास की सजा 

संबंधित समाचार