लखनऊ: नगर निगम ने विरोध के बीच कुब्जामुक्त कराई खुद की जमीन, पुलिस बल के साथ चलाया बुलडोजर
लखनऊ/अमृत विचार। थाना कृष्णा नगर अंतर्गत ग्राम अली नगर सुनहरा में नगर निगम की भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया। जिसे दलबल के साथ छुड़ाने पहुंची टीम का एकजुट हुए लोगों ने विरोध किया। लेकिन, पुलिस-प्रशासन के आगे नहीं चली और बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त कर दिया। करीब पांच हजार वर्गफुट भूमि कब्जामुक्त कराने के साथ दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
ग्राम अली नगर सुनहरा में नगर निगम की करीब पांच हजार वर्गफुट भूमि पर वहां रहने वाले मनोज शर्मा व राजू शर्मा ने कब्जा कर निर्माण कर लिया। एक शिकायत के आधार पर शुक्रवार को नगर निगम व तहसील के अधिकारी-कर्मचारी संबंधित थाने की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। टीम ने भूमि की पैमाइश की तो कब्जा करने वालों ने विरोध किया।
समर्थन में आए 20-25 लोगों ने एकजुट होकर कार्रवाई का विरोध किया और नोकझोंक की। ऐसे में जोनल अधिकारी, नगर अभियंता, तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस बल के सामने सख्ती से पैमाइश कराई। साथ ही चिह्नित जगह पर किया गया निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इधर, नगर निगम के लेखपाल लाल बहादुर यादव मनोज व राजू समेत विरोध करने वालों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। लेखपाल ने बताया कि पूर्व में पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया था। कई बार चेतावनी देने पर भी निर्माण करते रहे। करीब पांच हजार वर्गफुट भूमि कब्जामुक्त कराई गई है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: फटकार से भी रिवर फ्रंट में सुधार नहीं, औद्यानिकीकरण में खामियां, फर्म को ब्लैक लिस्ट की चेतावनी
