शर्मनाक : पुलिसकर्मी ने विधवा से किया दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर फाड़े कपड़े - रिपोर्ट दर्ज
अमृत विचार, लखनऊ। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होती है, लेकिन राजधानी में तैनात पुलिसकर्मियों का अलग ही रंगीन मिजाज है। अलाम यह है कि विगत छह माह के भीतर आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मियों पर छात्राओं व महिलाओं से छेड़खानी और दुष्कर्म का आरोप लग चुका है। इसी कड़ी में आलमबाग कोतवाली में एक विधवा ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि घर में घुसे पुलिसकर्मी ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। हालांकि, तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
विरोध करने पर आरोपी में महिला के फाड़े कपड़े
आलमबाग प्रभारी निरीक्षक बृजेश यादव ने बताया कि गढ़ी कनौरा की रहने वाली महिला (45) ने पड़ोसी भईयालाल सरोज के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देना, बैगर अनुमति के घर में घुसने और दुष्कर्म के प्रयास की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2007 में उसके पति का देहांत हो गया। भईयालाल सरोज उसकी के मोहल्ले में रहता है। वह पुलिस विभाग में तैनात है। पीड़िता का आरोप है कि भईयालाल सरोज उस पर गलत नीयत रखता है। गत 26 अप्रैल रात दस बजे आरोपी पुलिसकर्मी पीड़िता के घर में घुस आया। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी ने महिला से अश्लील हरकत कर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी पुलिसकर्मी ने पीड़ित से मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी उसे फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया।
पुलिस आयुक्त के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
पीड़िता ने बताया कि इस मामले में उसने आलमबाग कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर से मुलाकात पर मदद की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर आलमबाग पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश यादव ने बताया कि भईयालाल सरोज पुलिस कार्यालय में दरोगा पद पर तैनात हैं। मामले की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -Breaking News : आर्यन ड्रग्स केस में लखनऊ में CBI ने की NCB मुंबई के पूर्व SP के घर छापेमारी
