UP Nikay Chunav: अगर! चुनाव जीतने के बाद की आतिशबाजी, तो भेजे जाएंगे सलाखों के पीछे, कानपुर कमिश्नरेट पुलिस तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

UP Nikay Chunav 2023 कानपुर में चुनाव जीतने के बाद आतिशबाजी और धमाके करने वाले को जेल होगी।

UP Nikay Chunav 2023 कानपुर में चुनाव जीतने के बाद आतिशबाजी और धमाके करने वाले को जेल होगी। शहर में लगी धारा 144 का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। पुलिस और पीएसी तैनात रहेगी। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी।

कानपुर, अमृत विचार। UP Nikay Chunav 2023 आज शाम तक शहर की सरकार बनने के साथ ही तमाम आंकलन और आंकड़ेबाजी पर पूर्ण विराम लग जाएगा। सुबह 8 बजे से गल्लामंडी में मतगणना शुरू हो जाएगी।मतगणना के दौरान शहर में अमन, चैन और शांति रहे इसके लिए पुलिस ने ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है।शहर में धारा 144 लगी हुई है लिहाजा इसका पूरी तरह से पुलिस पालन कराएगी।

इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का प्लान बनाया गया है। गल्लामंडी के बाहर की सडक़ आइसोलेशन कार्डन पर होगी, यहां किसी भी व्यक्ति का रुकना या भीड़ लगाना, समूह में आना और नारेबाजी करना पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। आइसोलेशन कार्डन में ढोल नगाड़े भी नहीं बजेंगे। इंट्री और एग्जिट को आउटर कार्डेन बनाया गया है।

यहां से अंदर जाने वालों की चेकिंग और फ्रिस्किंग होगी हर आने जाने वालों की तलाशी होगी। जिन लोगों के पास अंदर जाने की परमिशन होगी, उनके आई कार्ड और सूचना विभाग द्वारा जारी किए गए परिचय पत्र भी चेक किए जाएंगे। सभी को आई कार्ड बाहर रखना होगा। जेसीपी ने बताया कि सुरक्षा में किसी तरह की कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

जुलूस के साथ आतिशबाजी करने वाले भेजे जाएंगे जेल 

जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि विजय जुलूस पूरी तरह से प्रतिबंधित होंगे, आतिशबाजी और धमाके करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। शुक्रवार रात से ही पुलिस सडक़ पर आ जाएगी और रविवार सुबह तक लगातार गश्त करेगी।क्यूआरटी और थाने की पुलिस भी लगातार लाउडस्पीकर से एलान करते हुए गश्त करेगी।चाय पान की दुकानों और छोटे होटलों के पास भीड़ लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखी जाएगी।घनी आबादी वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी होगी। शुक्रवार रात कई इलाकों की फ्रिस्किंग की जाएगी।मतदान के दिन जिन इलाकों में विवाद हुआ था, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर थानेदारों को वार्निंग दी गई है।

छोटी- छोटी जानकारी एकत्र करेगी एलआईयू 

एलआईयू और फायर विभाग की 36 घंटे की इमरजेंसी ड्यूटी लगाई गई है। हर इलाके में विजिलेंस कर्मियों के साथ लोकल इंटेलीजेंस के कर्मी भी तैनात रहेंगे। ये छोटी से छोटी जानकारी कलेक्ट कर पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।डॉयल-112 को भी अलर्ट किया गया है।छोटे से छोटे विवाद की सूचना पर डॉयल-112 की पीआरवी कम समय में मौके पर पहुंचकर विवाद को मौके पर निपटाएंगे।शहर के अतिसंवेदनशील और संवेदनशील थानों में क्यूआरटी की तैनाती की गई है किसी भी विवाद की स्थित में कम समय में विवाद को निपटा कर शांति व्यवस्था कायम की जाएगी।

संचार व्यवस्था का पुलिस करेगी इस्तेमाल 

जेसीपी ने बताया कि पुलिस संचार व्यवस्था का पूरा इस्तेमाल करेगी। शहर में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पुलिस की गाडिय़ों में लगे लाउडस्पीकर के साथ ही लाउडहेलर भी हर गाड़ी में मौजूद रहेगा।मोबाइल नेटवर्क गड़बड़ होने पर किसी को कोई परेशानी न हो, इसके लिए गल्लामंडी में मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है.

मतगणना के दिन शांति रखें, सभी शहर वासियों से अपील है कि किसी तरह की अफवाह न फैलाएं, सोशल मीडिया पर भी किसी तरह की कोई आपत्तिजनक मैसेज वायरल न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- आनंद प्रकाश तिवारी, सयुंक्त पुलिस आयुक्त

संबंधित समाचार