काशीपुर: बाउंड्री की ईंट उखाड़ने से मना करना पड़ा महंगा, दबंगों ने पीटा
काशीपुर, अमृत विचार। बाउंड्री की ईंट उखाड़ने से मना करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। दबंगों ने पीड़ित के साथ अभ्रदता की और उसको मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरखेड़ा निवासी रियाज अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने गांव के शाहिद व आबिद से वर्ष 2016 में एक प्लाट खरीदा था। जिसकी पूरी कीमत अदा कर दी थी। लेकिन आबिद व शाहिद ने धोखे से यह प्लाट नाजिर हुसैन व कय्यूम को बेच दिया।
जिसके बाद वह लोग जबरदस्ती उसके प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश करने लगे। समझाने पर वह लोग रंजिश रखने लगे। आरोप है कि 25 अप्रैल 2023 को नाजिर, कय्यूम, महमूद हसन उर्फ गामा, आबिद हुसैन, मो. हसन, जावेद एकराय होकर हाथों में लाठी डंडे लेकर प्लाट में घुस आये और गाली-गलौज करते हुए बाउंड्री की ईंट उखाड़ने लगे।
जिसका पीड़ित व उसकी पत्नी और बेटे ने विरोध किया तो वह लोग अभद्रता करने लगे। बाद में मारपीट पर उतर आए। शोर होने पर आसपास के लोगों के एकत्र होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। हमले में पीड़ित की पत्नी को काफी चोटें आयी, जिसका हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर अनुसार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
