मुरादाबाद: निर्यात फर्म में लगी आग, लाखों का नुकसान, मतगणना के दौरान आग से मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, मशीन से निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका

मुरादाबाद, अमृत विचार : पाकबड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक निर्यात फर्म में शनिवार को अचानक आग लग गई। अग्निशमन विभाग के प्रयास व निजी टैंकरों की मदद से साढ़े तीन घंटे के भीतर आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन इससे लाखों के नुकसान का अनुमान है। मतगणना के दौरान आग लगने की सूचना से अफरातफरी का माहौल रहा।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में राजा एंक्लेव निवासी विपिन गुप्ता व विभोर गुप्ता सगे भाई व निर्यातक हैं। उनकी डिजाइनको प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्म दिल्ली रोड पर पाकबड़ा थाना क्षेत्र के लोधीपुर राजपूत गांव की सीमा में है। फर्म में शनिवार को दोपहर तब अचानक अफरातफरी मच गई, जब एक मशीन से निकली चिंगारी आग की लपटों में तब्दील हो गई। देखते ही देखते आग ने रौद्ररूप धारण कर लिया।

हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। इससे फर्म में अफरातफरी मच गई। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को दी गई। तब मुख्य फायर अधिकारी सुभाष कुमार व एफएसओ ज्ञान प्रकाश शर्मा मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल पर मौजूद थे। सूचना मिलते ही सीएफओ ने गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। 25 अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंच कर आग पर काबू करने की कोशिश में जुटे। इस दौरान निजी संसाधनों की मदद भी ली गई।

करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। जबकि फर्म के लीगल एडवाइजर अधिवक्ता प्रदीप त्यागी ने आग से लाखों के नुकसान की बात कही।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद: गृह क्लेश के चलते जहरीला पदार्थ खाया, उपचार के दौरान मौत

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज