बरेली: ऑनलाइन खेला लूडो, इनाम का लालच देकर खाते से निकाले रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए रोज नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। एक साइबर ठग ने फेसबुक मैसेंजर में ऑनलाइन लूडो खेल रहे युवक को बताया कि वह रुपये जीत गया है। गूगल पे पर उसका जीता हुआ पैसा भेजा जा रहा है। इसके बाद साइबर ठग ने युवक के खाते …

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए रोज नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। एक साइबर ठग ने फेसबुक मैसेंजर में ऑनलाइन लूडो खेल रहे युवक को बताया कि वह रुपये जीत गया है। गूगल पे पर उसका जीता हुआ पैसा भेजा जा रहा है। इसके बाद साइबर ठग ने युवक के खाते से रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है।

राजेंद्र नगर की आवास विकास कालोनी के रहने वाले ब्रिजेश कुमार ने बताया कि वह 23 अगस्त को फेसबुक के मैसेंजर पर लूडो खेल रहे थे। खेल के बाद जब उन्होंने गेम को बंद किया तो उनके पास एक मैसेज आया। जिसमें लिखा था कि उन्होंने गेम खेलने में 1709 रुपये जीते हैं। यह रकम गूगल पे पर ही भेजी जाएगी।

इसके बाद ब्रिजेश ने अपना गूगल पे नंबर दे दिया। उनके मोबाइल पर ओटीपी आया जिसे उन्होंने फोन करने वाले को बता दिया। ओटीपी बताते ही उनके खाते से 1709 रुपये कट गए। तब ब्रिजेश को पता चला की वह साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं। मंगलवार को उन्होंने एसएसपी ऑफिस जाकर मामले की शिकायत की।

अनजान नंबर से आया फोन और मोबाइल नंबर हो गया हैक
अनजान नंबरों से फोन आने के बाद युवक का मोबाइल नंबर हैक हो गया। अब पीड़ित के नंबर पर अलग-अलग नंबर से फोन और मैसेज आ रहे हैं। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी ऑफिस में की है। बारादरी के एजाजनगर गौटिया निवासी मो. इरशाद सलमानी ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर दो नंबरों से फोन आए थे। फोन करने वालों ने बताया कि उनका नंबर लकी कूपन में निकला है। इसके बाद से उनके मोबाइल नंबर पर दिन भर नए नए नंबरों से फोन और मैसेज आ रहे हैं। पीड़ित को लगता है कि उसका मोबाइल नंबर साइबर ठगों ने हैक कर लिया है। एसपी ने साइबर सेल को जांच करने के आदेश दिए हैं।

सतर्क रहें, ऐसे करते हैं ठगी
– एटीएम का पिन बदलने के नाम पर
– ऑन लाइन खाते में पैसा भेजने के नाम पर
– पेटीएम और गूगल पे करने के नाम पर
– लॉटरी जीतने की बात कहकर
– ऑन लाइन लिंक भेजकर

संबंधित समाचार