बरेली: एयरपोर्ट रोड... साल भर पहले मंजूरी के बाद भी ठोकरे खिलवा रहा है PWD, जानिए पूरा मामला
बैरियर टू से एयरपोर्ट तक गड्ढों से भरी सड़क का होना है चौड़ीकरण मगर टाल रहे हैं अफसर
फोटो- पीलीभीत रोड पर गड्डों के बीच निकलते वाहन।
बरेली, अमृत विचार। बेरियर टू से मिनी बाईपास तक भीषण गड्ढों से भरी सड़क को पिछले साल ही चौड़ा करने का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है लेकिन पीडब्ल्यूडी का काम है कि शुरू होने में नहीं आ रहा है। साल भर पहले ही एयरपोर्ट शुरू हुआ था, लिहाजा हवाई यात्रा करने वाले लोगों को भी पहले इस सड़क पर ठोकरें खानी पड़ रही हैं।
एयरपोर्ट रोड पर भारी ट्रैफिक लोड है। रोज हजारों वाहन इसी सड़क पर दिल्ली, नैनीताल, शाहजहांपुर और पीलीभीत की ओर निकलते हैं। सड़क काफी समय से बुरी हालत में है, फिर भी पीडब्ल्यूडी के अफसर बेपरवाह बने हुए हैं। पिछले साल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद जिला प्रशासन ने उसके आसपास सड़कों की हालत दुरुस्त कराने का दावा किया था, मगर इसके बावजूद सड़क ठीक नहीं हुई।
सेटेलाइट से बैरियर टू पुलिस चौकी तक करीब सात किलोमीटर तक सड़क टू-लेन है। इसके बीच में एक मीटर चौड़ा डिवाइडर भी बना है। दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी सड़क है जिसे चौड़ा किया जाना है। बैरियर टू पुलिस चौकी से आगे बड़ा बाईपास तक करीब चार किलोमीटर सड़क सिर्फ सात मीटर चौड़ी है। बैरियर टू से एयरपोर्ट होते हुए मिनी बाईपास तक पहुंचने वाली इस सड़क पर सैकड़ों गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। सड़क को चौड़ा करने में तो देरी हो ही रही है, पीडब्ल्यूडी के अफसर पैचवर्क तक नहीं करा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: घर के बाहर घायल अवस्था में मिले व्यक्ति की उपचार के दौरान हुई मौत
