संभल: पति-पत्नी के रूप में कोतवाली पहुंची दो युवतियां, बोलीं- हम साथ साथ हैं...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लिव इन रिलेशनशिप में रहने के लिए सात माह पहले घरों से हो गईं थी लापता

बहजोई, अमृत विचार। सात माह से लापता दो युवतियां अचानक कोतवाल के सामने पति-पत्नी के रूप में पहुंच गई। उन्हें देख पुलिसकर्मी अचंभित हो गए। कोतवाल से बोलीं कि वह लिव इन रिलेशनशिप में रह रही हैं। उनके परिजनों ने जो शिकायत की है उसमें किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए।

बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को बिलारी निवासी अपनी बहन की ननद से प्यार हो गया। इसके चलते सात महीने पहले दोनों घर छोड़कर चली गईं। पिता ने कोतवाली में अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। मगर दोनों युवती न तो परिजनों के संपर्क में आईं और न ही पुलिस से संपर्क साधा।

रविवार को अचानक दोनों युवती कोतवाली पहुंचीं। बिलारी निवासी युवती पति के रूप में कुर्ता पजामा पहने थी जबकि दूसरी युवती मांग में सिंदूर भरकर पत्नी के रूप में थी। इन्हें देख कोतवाल पंकज लवानिया भी अचंभित रह गए। बताया कि सात महीने से वह अलग-अलग स्थानों पर लिव इन रिलेशनशिप में रह रही हैं। अपनी मर्जी से ही साथ-साथ गई थीं। उनके परिजनों द्वारा लिखाई गई रिपोर्ट में किसी प्रकार की कोई कार्रवाई न की जाए।

कोतवाल से लगाई सुरक्षा की गुहार
बहजोई। दोनों युवतियों ने कोतवाल से कहा कि परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कोई कार्रवाई न की जाए। कहा कि लिव इन रिलेशनशिप में रहने से उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। परिजनों को हमारे रिश्ते से जरूर परेशानी है। लेकिन अपने परिजनों पर उन्हें विश्वास नहीं है, उन्हें जान का खतरा है।

परिजनों के मनाने पर भी नहीं मानीं
बहजोई। परिजनों ने युवतियों को समझाया कि वह जहां कहेंगी वहां शादी कर देंगे। लेकिन लिव इन रिलेशनशिप में न रहें। मगर युवतियां नहीं मानीं। उन्होंने साफ कह दिया कि वह एक साथ ही रहेंगी।

दो युवती पति-पत्नी के रूप में थाने पर आई थीं। उन्होंने बताया कि वह हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार लिव इन रिलेशनशिप में रह रही हैं। थाने पर उनकी गुमशुदगी में आगे कोई कार्रवाई न की जाए। हाईकोर्ट का भी दोनों ने आदेश दिखाया था। हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराया जाएगा---पंकज लवानिया, कोतवाल।

यह भी पढ़ें- संभल: हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर मजदूर झुलसा, हालत गंभीर

संबंधित समाचार