हरदोई: बच्चों का जवाब सुनकर हैरान रह गए डायट प्राचार्य, बोले- Very Good...
हरदोई। बावन ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय (इंग्लिश मीडियम) पिरोजापुर के बच्चों के बीच पहुंचें डायट प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह ने जो सवाल किया, बच्चों ने उसका बड़े सलीके से जवाब दिया। होनहार बच्चों को देख कर प्राचार्य बोले-वेरी गुड, उसके बाद उन्होंने विद्यालय की कम्प्यूटर लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास और विद्यालय की आधुनिक सुविधाओं को देखा।
उन्होंने निपुण विद्यालय होने का गौरव हासिल करने वाले इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक और समूचे स्टाफ की सराहना की। प्राचार्य डॉ. सिंह ने प्राथमिक विद्यालय (इंग्लिश मीडियम) पिरोजापुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्हें वहां स्टाफ हाज़िर मिला। नामांकित 151 बच्चों के सापेक्ष 136 बच्चे उपस्थित मिले। इस पर प्राचार्य ने सभी की प्रशंसा की।
कक्षा एक के बच्चों ने हिन्दी की किताब पढ़कर सुनाई व बच्चों ने कविताएं, पहाड़े आदि सुनाए। जिस पर प्राचार्य ने बच्चों से ख़ुश होकर उनको पुरस्कृत किया। कक्षा चार व पांच के बच्चों से सवाल लगवाए, हिन्दी में संज्ञा-सर्वनाम की परिभाषा और अंग्रेजी की किताब को बच्चों से पढ़वाया। बच्चों ने बहुत ही अच्छे तरीके से सभी सवालों का जवाब दिया,जिस पर प्राचार्य ने सभी बच्चों व स्टाफ की प्रशंसा की। कम्प्यूटर लाइब्रेरी मे बच्चों के बीच जाकर सवाल किए और उनके कम्प्यूटर ज्ञान को परखा।
कम्प्यूटर लाइब्रेरी स्थापित करने व सभी कक्षा-कक्षों को स्मार्ट बनाने व विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव सिंह की प्रशंसा की और कहा कि पिरोज़ापुर विद्यालय ज़िले का पहला निपुण विद्यालय बना है,इसके लिए स्कूल के बच्चे,समस्त स्टाफ व अभिभावक प्रशंसा के पात्र हैं।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: पारा 40 पार, 30 फीसदी बढ़ी बिजली की खपत, छह दिन में 244 फाल्ट
