मुरादाबाद : ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पाकबड़ा थाना क्षेत्र में डींगरपुर रोड पर हुआ हादसा

मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में डींगरपुर रोड पर सोमवार की सुबह ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार संभल निवासी दिलशाद की मौत हो गई। जबकि, उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र के गांव हिसामपुर निवासी दिलशाद दूध बेचने का काम करता था। परिवार में पत्नी हुस्ना बी, तीन बेटे तजम्मुल, अरमान व तहजीब और दो बेटियां शमा परवीन व हिना हैं। दिलशाद अपनी पत्नी के साथ पाकबड़ा स्थित ससुराल आया हुआ था। सोमवार की सुबह लगभग पांच बजे दिलशाद पत्नी हुस्ना बी के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। 

पाकबड़ा थाना क्षेत्र में डींगरपुर रोड पर ग्रोथ सेंटर के आगे गोल चक्कर के पास पहुंचे तभी पीछे से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक में फंस कर बाइक कुछ दूर तक घिसटती चली गई। दिलशाद और उसकी पत्नी भी उसके साथ घिसटते रहे। बाइक सवारों को रौंदने के बाद चालक ट्रक समेत भाग निकला। हादसे में दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई।

 जबकि हुस्ना बी गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पाकबड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दिलशाद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि गंभीर घायल हुस्ना बी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। जिसके बाद उसे कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिलशाद की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसएचओ पाकबड़ा मोहित चौधरी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जारी है।

ये भी पढ़ें:- National Dengue Day 2023 : डेंगू भी कोरोना की ही तरह गंभीर, बरतें सतर्कता

संबंधित समाचार