IPL 2023,GT vs SRH: प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी गुजरात टाइटन्स, सनराइजर्स हैदराबाद हुई बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के शतक के बाद मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा की तूफानी गेंदबाजी से गत चैंपियन गुजरात टाइटंस सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद को 34 रन से हराकर प्ले ऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बना। टाइटंस के 13 मैच में नौ जीत से 18 अंक हो गए हैं और टीम का लीग चरण के बाद शीर्ष दो में रहना तय हो गया है। इस हार के साथ सनराइजर्स की टीम दिल्ली कैपिटल्स के बाद प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी।

टाइटंस ने गिल की 58 गेंद में 13 चौकों और एक छक्के से 101 रन की पारी के अलावा साई सुदर्शन (47) के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी से नौ विकेट पर 188 रन बनाए। इन दोनों के अलावा हालांकि टाइटंस का कोई बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाया। इसके जवाब में सनराइजर्स की टीम शमी (21 रन पर चार विकेट) और मोहित (28 रन पर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने हेनरिक क्लासेन (64) के अर्धशतक के बावजूद नौ विकेट पर 154 रन ही बना सकी। क्लासेन ने भुवनेश्वर कुमार (27) के साथ आठवें विकेट के लिए 68 रन भी जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरे सनराइजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पांचवें ओवर में 29 रन तक ही चार विकेट गंवा दिए। शमी ने पहले ही ओवर में अनमोलप्रीत सिंह (05) को डीप थर्ड मैन पर राशिद खान के हाथों कैच कराया।

अभिषेक शर्मा (05) ने यश दयाल पर चौका जड़ा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर रिद्धिमान साहा को कैच दे बैठे। शमी ने अपने अगले दो ओवरों में राहुल त्रिपाठी (01) और कप्तान एडेन मार्कराम (10) को पवेलियन भेजा। त्रिपाठी ने स्लिप में राहुल तेवतिया को कैच थमाया जबकि मार्कराम दासुन शनाका को कैच दे बैठे। सनराइजर्स की टीम पावरप्ले में चार विकेट पर 45 रन ही बना सकी। सनवीर सिंह (07) ने शमी पर छक्के से खाता खोला लेकिन मोहित की गेंद पर डीप थर्ड मैन पर सुदर्शन को कैच दे बैठे। अब्दुल समद (04) ने भी मोहित के इसी ओवर में स्थानापन्न खिलाड़ी शिवम मावी को कैच थमाया जिससे टीम का स्कोर छह विकेट पर 49 रन हो गया। मार्को यानसेन (03) भी मोहित के अगले ओवर में हार्दिक पंड्या के हाथों लपके गए।

क्लासेन ने हालांकि एक छोर संभाले रखा। उन्होंने राशिद और नूर अहमद पर छक्के जड़े। नूर की पहली ही गेंद पर हालांकि वह भाग्यशाली रहे जब डेविड मिलर ने बाउंड्री पर उनका कैच टपका दिया और गेंद छह रन के लिए चली गई। क्लासेन ने नूर के अगले ओवर में भी छक्का मारा जबकि भुवनेश्वर ने राशिद पर चौके के साथ 14वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया। क्लासेन ने राशिद पर एक रन के साथ 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 78 रन की दरकार थी। क्लासेन ने नूर पर चौका मारा लेकिन शमी के अगले ओवर में लांग ऑफ पर मिलर को कैच दे बैठे जिससे सनराइजर्स की रही सही उम्मीद भी टूट गई। क्लासेन ने 44 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के मारे। इससे पहले भुवनेश्वर कुमार (30 रन पर पांच विकेट) और टी नटराजन (34 रन पर एक विकेट) ने अंतिम ओवरों में सनराइजर्स को वापसी दिलाई जिससे टाइटंस की टीम अंतिम आठ ओवर में 57 रन ही जोड़ सकी।

मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद भुवनेश्वर ने मैच की तीसरी की गेंद पर साहा (00) को स्लिप में अभिषेक के हाथों कैच करा दिया। सुदर्शन ने भुवनेश्वर के अगले ओवर में दो चौके मारे। गिल शुरू से ही अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी पर लगातार चार चौके मारे। टाइटंस ने पावरप्ले में एक विकेट पर 65 रन बनाए। गिल ने मार्कराम का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया जबकि मयंक मार्कंडेय के अगले ओवर में लगातार दो चौकों के साथ सिर्फ 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। सुदर्शन ने मार्कंडेय पर चौके के साथ 10वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

सुदर्शन ने यानसेन की नोबॉल पर छक्का और अगली गेंद पर चौका मारा जबकि गिल ने अभिषेक के ओवर में एक छक्का और चौका जड़ा। यानसेन ने हालांकि अपने अगले ओवर में सुदर्शन को शॉर्ट थर्डमैन पर टी नटराजन के हाथों कैच कराके शतकीय साझेदारी का अंत किया। उन्होंने 36 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा। कप्तान हार्दिक पंड्या (08) ने यानसेन पर चौके के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया लेकिन अगले ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर त्रिपाठी को कैच दे बैठे।

डेविड मिलर भी पांच गेंद में सात रन बनाने के बाद नटराजन की गेंद को लांग ऑफ पर मार्कराम के हाथों में खेल गए। तेवतिया भी सिर्फ तीन रन बनाने के बाद फारूकी की गेंद पर यानसेन के शानदार कैच का शिकार बने। गिल ने नटराजन की गेंद पर एक रन के साथ 56 गेंद में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया। भुवनेश्वर ने अंतिम ओवर की पहली गेंद पर गिल को अब्दुल समद के हाथों कैच कराया जबकि अगली गेंद पर राशिद खान (00) भी विकेटकीपर क्लासेन को कैच दे बैठे। अगली गेंद पर नूर अहमद (00) रन आउट हुए जबकि एक गेंद बाद शमी (00) ने यानसेन को कैच थमाया। इस ओवर में सिर्फ दो रन बने।

सनराइजर्स हैदराबाद ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का किया फैसला 

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ऐडन मार्कराम ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।  हैदराबाद की टीम ने एक बदलाव करते हुए ग्लेन फिलिप्स की जगह मार्को यानसेन को टीम में शामिल किया है। टाइटंस ने दासुन शनाका को पदार्पण का मौका दिया और चोटिल विजय शंकर की जगह साई सुदर्शन को एकादश में जगह दी। 

गुजरात टाइटंस की टीम

हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, साईं सुदर्शन, रिद्धिमान साहा, मैथ्यू वेड, राशिद खान, राहुल तेवतिया, विजय शंकर, मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ, यश दयाल, प्रदीप सांगवान, दर्शन नलकंडे , जयंत यादव, आर. साई किशोर, नूर अहमद, दासुन शनाका, ओडियन स्मिथ, केएस भरत, शिवम मावी, उर्विल पटेल, जोशुआ लिटिल और मोहित शर्मा।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम

एडेन मार्कराम (कप्तान), अब्दुल समद, राहुल त्रिपाठी, ग्लेन फिलिप्स, अभिषेक शर्मा, मार्को यानसन, फजलहक फारूकी, कार्तिक त्यागी, भुवनेश्वर कुमार, टी. नटराजन, उमरान मलिक, हैरी ब्रूक, मयंक अग्रवाल, हेनरिक क्लासेन, आदिल राशिद, मयंक मारकंडे, विवरांत शर्मा, समर्थ व्यास, संवीर सिंह, उपेंद्र यादव, मयंक डागर, नीतीश कुमार रेड्डी, अकील होसेन और अनमोलप्रीत सिंह।
 

ये भी पढ़ें:- Wrestlers Protest : पहलवान वैश्विक मंच पर ले जाएंगे अपना विरोध प्रदर्शन, विदेशों के ओलंपियन से करेंगे संपर्क

संबंधित समाचार