मुरादाबाद: खेत में तेंदुए के दो बच्चे मिलने से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने दी सतर्कता बरतने की सलाह
कांठ/मुरादाबाद, अमृत विचार। हीरापुर गांव के किसान के खेत में तेंदुए के दो बच्चे मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने बच्चों को देखकर उन्होंने तेंदुए के आसपास ही होने की आशंका जताई है। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा हैं। ग्राम चाऊपुरा में भी तेंदुआ देखा गया है।
शनिवार को थाना कांठ क्षेत्र के ग्राम हीरापुर निवासी अशोक कुमार शर्मा के खेत में तेंदुआ दिखाई दिया था। तेंदुए के बच्चे भी वहां मौजूद थे। तेंदुए ने किसान अशोक कुमार पर हमला कर दिया था, लेकिन उनके परिजनों के ललकार के बाद तेंदुआ पीछे हट गया था। रविवार को किसान अशोक कुमार शर्मा, परशुराम शर्मा, गोल्डी, महेंद्र सिंह यादव, रतन सिंह, निपेंद्र यादव, सोनू सिंह, रोहताश सिंह, नरेश कुमार आदि ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ जंगल में कांबिंग की थी। लेकिन वह उस गन्ने के खेत में नहीं घुसे थे, जहां उन्होंने तेंदुआ घुसते देखा था। वहां वह नहीं गए थे।
वन विभाग की टीम व ग्रामीणों ने वहां पर गन्ने के खेत में तेंदुए के बच्चे (शावक) होने की आशंका भी जताई थी। सोमवार सुबह जब किसान अशोक के साथ उनके खेत पर पहुंचे तो वहां गन्ने के खेत में जैसे ही वह घुसे वहां पर दो तेंदुए के बच्चे दिखाई दिए। जिससे वह घबरा गए और उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को तेंदुए के बच्चे होने की जानकारी दी। इसके बाद वन दरोगा कपिल, पीयूष कुमार जोशी वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने वन विभाग के आला अधिकारियों को घटना के बारे में जानकारी दी। डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि जिस समय मादा तेंदुआ या तो बच्चे दे चुका होती है या गर्भ से रहती है तो वह इस कारण से गुस्से में रहकर हमला कर सकती है। इसलिए लोगों को इस से दूरी बनाकर रहना चाहिए। सावधानी ही बचाव हो सकता है। उन्होंने बताया कि यदि कोई तेंदुआ सामने से गुजर रहा हो तो उसे छेड़े नहीं। उन्होंने बताया कि ग्राम चाऊपुरा में भी तेंदुआ देखा गया था, वहां भी कांबिंग की गई है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर
