बरेली: 19 तक उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच के लिए आवेदन का अंतिम मौका, जानें डिटेल्स
बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड में अनुत्तीर्ण या प्राप्तांक से असंतुष्ट छात्रों को दोबारा से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रति विषय 500 रुपये शुल्क जमा कराना होगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दोबारा मूल्यांकन के लिए 19 मई तक ऑनलाइन आवेदन की तिथि निर्धारित की है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षाफल 23 अप्रैल को घोषित हुआ था। इस बार बोर्ड परीक्षा में जिले से कुल 98678 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। जिसमें से 10वीं के 52818 और 12वीं के 45864 छात्र-छात्राएं शमिल हुए थे। प्राप्तांकों से असंतुष्ट छात्र इस संबंध में जानकारी के लिए बोर्ड कार्यालय में ग्रीवांस सेल पहुंच कर जानकारी और आवेदन कर रहे हैं।
क्षेत्रीय सचिव डाॅ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि एक उत्तरपुस्तिका की दोबारा जांच कराने के लिए छात्रों को निर्धारित शुल्क जमा कराना अनिवार्य है। जो छात्र मार्कशीट में मिले अंकों को लेकर संतुष्ट नहीं हैं उनको जानकारी दी जा रही है। उत्तरपुस्तिकाओं का दोबारा मूल्यांकन कराने का अवसर दिया है। इसके लिए छात्र प्रति विषय शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कर बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इसकी अंतिम तिथि 19 मई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: ऑनलाइन काम का पहले ही बोझ, अब मॉनिटरिंग से शिक्षकों में रोष
