बरेली: पत्नी पर भड़का... समझाया तो दादी को मार डाला, तीन लोगों पर FIR
मारपीट से तंग आकर मायके में रह रही पत्नी बीमार चचिया ससुर को आई थी देखने
बरेली, अमृत विचार। प्रताड़ना से तंग आकर लंबे समय से मायके में रह रही पत्नी का बीमार चचिया ससुर को देखने अस्पताल आना युवक को इतना नागवार गुजरा कि उस पर लाड़ जताने पर अपनी दादी की डंडे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ युवक और उसके ममेरे भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, साथ ही दोनों की तलाश भी शुरू कर दी है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गांव बेहटी में रहने वाला तालेबर अपनी पत्नी सोनी के साथ आए दिन मारपीट करता था, जिसकी वजह से वह काफी समय पहले बच्चों को साथ लेकर मायके चली गई थी। सोमवार को चचिया ससुर के बीमार होने की खबर मिलने पर ससुराल लौटी सोनी रविवार शाम उन्हें देखने रविवार शाम जिला अस्पताल पहुंची थी।
तालेबर को सोनी के आने की खबर मिली तो घर पर आकर उसने नाराजगी जतानी शुरू कर दी। उसकी 65 वर्षीय दादी चंद्रकली ने सोनी का पक्ष लेते हुए उसे समझाने की कोशिश की तो गुस्साए तालेबर ने कहासुनी के बाद डंडा उठाकर उनके सिर वार कर दिया। चंद्रकली के गंभीर रूप से घायल होने के बाद तालेबर भाग निकला।
जिला अस्पताल में मौजूद परिवार के लोगों को इसका पता लगा तो वे घर आकर चंद्रकली को जिला अस्पताल ले गए लेकिन एक घंटे बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना सुभाषनगर में परिजनों की तहरीर पर तालेबर, उसके ममेरे भाई हीरालाल और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जब भी पत्नी को पीटता था तो दादी ही आती थीं बचाने
हत्यारोपी तालेबर की पत्नी सोनी ने बताया कि उनका पति नासिक में रहकर एक मोबाइल फोन के टॉवर पर काम करता है। उसके कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध है। इसी का विरोध करने पर वह उनके साथ आए दिन मारपीट करता था। इसी कारण वह बच्चों को लेकर मायके चली गई थीं।
सोनी ने बताया कि तालेबर जब भी उनके साथ मारपीट करता था, उसकी दादी ही बीच-बचाव करने आया करती थीं। इसी कारण वह दादी को लेकर गुस्सा रहता था। कई बार दादी को चेतावनी भी दी थी कि वह उन दोनों के बीच में न पड़ें तो ठीक रहेगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: मरीज की उचित देखभाल बिना नर्सिंग स्टाफ के संभव नहीं- डाॅ. लता
