सच का इंतजार
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में सीबीआई जांच के पांच दिन बीत चुके हैं। जांच एजेंसी अपना काम कर रही है और उधर सुशांत के तमाम चाहने वालों के साथ ही उनके परिजनों को मौत की गुल्थी सुलझने का इंतजार है। सुशांत आत्महत्या का मामला जब सामने आया था तो शुरुआत में ऐसा कोई …
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में सीबीआई जांच के पांच दिन बीत चुके हैं। जांच एजेंसी अपना काम कर रही है और उधर सुशांत के तमाम चाहने वालों के साथ ही उनके परिजनों को मौत की गुल्थी सुलझने का इंतजार है। सुशांत आत्महत्या का मामला जब सामने आया था तो शुरुआत में ऐसा कोई सवाल खड़ा नहीं हुआ था कि क्या सुशांत की मौत के पीछे कोई और सच भी है? मगर सुशांत के परिजनों द्वारा सुशांत की मौत के पीछे किसी साजिश होने और मामला पुलिस में पहुंचने के बाद इस आत्महत्या मुद्दे में नया मोड़ आ गया।
शुरुआत में मुंबई और बिहार पुलिस के बीच खींचतान हुई, मगर बात उच्चतम न्यायालय पहुंची तो न्यायालय ने सुशांत मामले की जांच सीबीआई से कराने पर मुहर लगाई तो साफ था कि इस मामले में जो भी सच है अब सामने आएगा। सच सामने आना भी चाहिए क्योंकि सुशांत के बाद जिस तरह पूरी इंडस्ट्री धड़ों में बंट गई थी उससे साफ था कि मामले में संदेह की पूरी गुंजाइश मौजूद है।
सीबीआई की पांच टीमों ने पिछले पांच दिनों में अलग-अलग लोगों से पूछताछ की है। इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि सुशांत के कुछ करीबियों के बयानों में अलग-अलग पूछताछ में भिन्नता पाई गई है। यहां से मामला पेचीदा होता नजर आ रहा है। बहरहाल एक होनहार और युवा अभिनेता की मौत का सच जरूर सामने आना चाहिए।
अपनी मेहनत के दम पर मुंबई की मायानगरी में सुशांत अपना मुकाम बनाने की ओर अग्रसर थे। काफी हद तक वह फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित भी हो चुके थे। मायानगरी में उनके पास न तो फिल्मों की कमी थी, न ही पैसों की। गैर फिल्मी परिवार से मुंबई आकर उन्होंने अपने शानदार अभिनय से इंडस्ट्री में खुद के लिए जगह बनाई। फिर उनके साथ एकाएक ऐसा क्या हुआ कि उन्हें आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।
सुशांत की मौत आत्महत्या है अथवा हत्या यह तो एक विषय है ही। अगर उन्होंने आत्महत्या भी की तो उसके कारणों का भी सच सामने आना ही चाहिए। आखिर ऐसी कौन सी वजह थी? क्या सुशांत किसी दबाव में थे? रही बात बात आत्महत्या नहीं करने की तो उम्मीद है कि सीबीआई जांच में सच सामने आ जाएगा। हालांकि सुशांत की मौत के दो महीने बाद जांच सीबीआई के पास आई, लिहाजा जांच एजेंसी के लिए इस मामले का खुलासा एक बड़ी चुनौती है। मगर इस वक्त पूरे देश की निगाह इस घटना पर लगी हुई है और सुशांत के चाहने वाले उनकी मौत का सच जानना चाहते हैं। आत्महत्या या हत्या, के सवाल पर उम्मीद है कि सीबीआई जल्द ही सच सामने लाएगी।
