अयोध्या : प्रापर्टी डीलर से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने में शिक्षक गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रंगदारी न देने पर कानपुर जैसा बवाल कराने की दी थी धमकी, पहले वसूल चुका है साढ़े 3 लाख 

अमृत विचार, अयोध्या। जिले की पटरंगा थाना पुलिस ने एक प्रापर्टी डीलर को धमकाकर पांच लाख रूपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी प्राइमरी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षक का पुलिस ने चालान किया है।  
गौरतलब है कि 8 मई को पटरंगा थाना क्षेत्र के गनौली गाँव निवासी प्रापर्टी डीलर संजय कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने मवई थाना क्षेत्र के दुल्लापुर चौराहे के पास एक जमीन खरीदी है। इसी थाना क्षेत्र के नेवरा निवासी अश्वनी कुमार यादव जो कि पड़ोसी जनपद बाराबंकी के दरियाबाद क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय रामपुर राय साहब में शिक्षक पद पर तैनात है, ने उनको धमकी देकर पांच लाख रूपये रंगदारी देने को कहा। ऐसा न करने पर क्षेत्र में आगजनी और कानपुर जैसा बवाल कराने की धमकी दी।  शिकायत पर पटरंगा थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने और धमकी देने की धारा में केस दर्ज किया था।  

मंगलवार को क्षेत्राधिकारी रूदौली  सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने बताया कि दर्ज मामले की विवेचना में जुटी पटरंगा थाना प्रभारी ओम प्रकाश की टीम ने एसएसपी के निर्देश पर चलाये जा रहे अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के अभियान के तहत आरोपी शिक्षक को अश्विनी कुमार को दुल्लापुर मोड़ निकट मवई चौराहा से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए प्राइमरी शिक्षक ने पहले धमकी देकर ग्राम नेवरा एवं रानीमऊ स्थित प्रापर्टी को लेकर साढे तीन लाख रुपये वसूल लिया था और मवई चौराहे स्थित एक जमीन को लेकर धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। साथ ही रंगदारी न देने पर महिला संबंधी फर्जी मामले में फंसा देने और बवाल कराने की धमकी दी थी। पुलिस ने पकडे गए अश्विनी के पास से एक एसयूवी वाहन यूपी 41 बीबी  4300 और मोबाईल बरामद किया है।

ये भी पढ़ें -केजीएमयू : राज्यपाल ने नर्सिंग हॉस्टल का किया उद्घाटन, Nursing Officer को आसानी से मिल सकेंगे आवास

 

संबंधित समाचार