Unnao: नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने किया खेल, दो दिन बैठाने के बाद दर्ज किया मुकदमा
उन्नाव में नौकरी दिलाने के नाम पर अनुसूचित जाति की महिला से दुष्कर्म का आरोप।
उन्नाव में नौकरी दिलाने के नाम पर अनुसूचित जाति की महिला से दुष्कर्म का आरोप। सदर कोतवाली अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी महिला ने आदर्श नगर निवासी युवक पर आरोप लगाया। पुलिस दो दिन युवक को कोतवाली में बैठाने के बाद मुकदमा दर्ज किया।
उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला के रहने वाली अनुसूचित जाति की महिला ने आदर्श नगर निवासी युवक पर रोजगार दिलाने के बहाने होटल में ले जाकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। दो दिन से आरोपी युवक को कोतवाली में बैठाए रही पुलिस ने आखिरकार बीती देर शाम एससीएसटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति से उसका अलगाव हो गया है। निर्वाह के लिए काम की तलाश के दौरान 10 दिन पहले आदर्श नगर मोहल्ला निवासी सौरभ पुत्र चंद्रेश से मुलाकात हुई। उसने फैक्ट्री में का दिलाने की बात कही। फोन नंबर का आदान-प्रदान हुआ और दोनों की बातचीत होने लगी। आरोप है कि 14 मई की दोपहर सौरभ उसे जिला अस्पताल के सामने मिला और अपनी कार में बैठा कर गदनखेड़ा स्थित एक होटल ले गया।
जहां सौरभ ने उसे कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जातिसूचक गालियां देते हुए किसी से कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस सोमवार दोपहर को ही आरोपी युवक को पकड़कर कोतवाली ले गई थी। जहां मंगलवार देरशाम उसके खिलाफ दुष्कर्म व एससीएसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच की जा रही है।
