पीलीभीत: भैंस चराने गए ग्रामीण पर तेंदुए ने किया हमला, जिला अस्पताल किया गया रेफर
पीलीभीत/पूरनपुर। अमृत विचार: भैंस चराने गए ग्रामीण पर छिपे बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर गंभीर घायल कर दिया। शोर-शराबा करने पर लोगों ने बमुश्किल बचाया। हमला करने के बाद तेंदुआ खेतों से होते हुए भाग निकला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजरिया निवासी शैलेश यादव बुधवार को भैंस चराने गया था।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: अभियोजन अधिकारी की 10 साल की बेटी का दिनदहाड़े अपहरण, एक किमी दूर छोड़ा
इसी दौरान खेत में छिपे बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीखने चिल्लाने पर आस पड़ोस के कई लोग मौके पर पहुंचे। लोगों के शोर-शराबा करने पर तेंदुआ खेतों से होकर भाग निकला। घटना को लेकर खलबली मच गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद उसको घर लेकर आए। मामले की सूचना 108 एंबुलेंस को दी गई।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को उपचार के लिए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर सामाजिक वानिकी की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने आस पड़ोस के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
प्रभारी रेंजर कपिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर गई है। लगातार निगरानी की जा रही है। जल्दी उसको पकड़ा जाएगा। वहीं लगातार हो रहे हमले के चलते ग्रामीणों व बच्चों में काफी दहशत बनी हुई है। जल्द ही ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़े जाने की मांग की है। एक सप्ताह के अंदर तेंदुआ कई लोगों पर हमला कर चुका है। टीम लगातार निगरानी कर रही है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: तीन महीने पहले हुई शादी लेकिन पति ने नहीं मनाई सुहागरात, हनीमून के नाम पर ऐंठ लिए पांच लाख
