बरेली: कैंट अस्पताल में कई साल बाद शुरू हुई ओपीडी, मरीजों को मिली राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कैंट स्थित जनरल अस्पताल में आखिरकार कई साल बाद ओपीडी शुरू हो गई। बुधवार को अस्पताल परिसर में कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर मनीष कुकरेती ने हरी झंडी दिखाकर 24 घंटे एंबुलेंस सेवा को शुरू कराया। ओपीडी सेवाएं शुरू होने से अधिकारियों सहित स्थानीय लोग भी उत्साहित दिखे। बड़ी संख्या में ओपीडी में मरीज पहुंचे।

अस्पताल में डेंटल चेयर, ओटी, पैथोलॉजी की शुरूआत बोर्ड अध्यक्ष ने फीता काटकर की। उन्होंने कैंट बोर्ड के अधिकारियों की सराहना कर कहा कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार और ऑपेशन, पैथोलॉजी की सुविधाएं शुरू होने से स्थानीय लोगों को इसका लाभ होगा।

सीईओ विवेक कुमार ने बताया कि आमजन की सुविधाओं को देखते हुए अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाएं शुरू हो गई हैं। महिला, बाल, दंत रोग सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं। इस सुविधा के लिए बहुत ही कम दर निर्धारित की गई है। अब लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए बाहरी डाक्टरों या अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस मौके पर छावनी परिषद की ओर से प्रकाशित पुस्तिका छावनी दर्पण का भी विमोचन किया गया, जिसमें छावनी संबंधी आवश्यक सूचनाएं हैं। वरिष्ठ निरीक्षक डा. पारस नाथ, सफाई निरीक्षक मनोज तिवारी, सफाई अधीक्षक दीप सक्सेना, मनोज यादव, निधि पाठक, नामित सदस्य वैभव जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

नए सीईओ ने संभाला कार्यभार
बुधवार को नए सीईओ रवींद्र ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। अक्टूबर 2020 से छावनी परिषद में बतौर सीईओ तैनात रहे विवेक कुमार ने आधिकारिक औपचारिकताओं के साथ उन्हें कार्यभार सौंपा। इस मौके पर कार्यालय के कर्मियों ने दोनों अधिकारियों को बधाई दी।

ये भी पढे़ं- बरेली: अभी और सताएगी गर्मी, 40 से ऊपर पहुंचेगा पारा

 

संबंधित समाचार