किरेन रिजिजू को कानून मंत्रालय से हटाया गया, मेघवाल बने विभाग के नए मंत्री
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को दो मंत्रियों के विभागों में बदलाव करते हुए किरेन रीजीजू की जगह संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्री बनाया। रीजीजू को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों को विभागों का पुन:आबंटन किया है। इसके मुताबिक, रीजीजू को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है और उनकी जगह मेघवाल को उनके मौजूदा विभागों के अतिरिक्त, विधि एवं न्याय मंत्रालय में राज्यमंत्री का जिम्मा दिया गया है।
बयान में कहा गया है, ‘‘पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार किरेन रीजीजू को सौंपा गया है।’’ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे। मेघवाल वर्तमान में संसदीय कार्य राज्यमंत्री और संस्कृति राज्यमंत्री हैं। बयान के अनुसार, मेघवाल को उनके मौजूदा विभागों के अतिरिक्त कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।
ये भी पढ़ें- सिद्धारमैया होंगे मुख्यमंत्री, शिवकुमार को मिलेगी उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी: सूत्र
