'Statue of Unity' के शिल्पकार राम सुतार का निधन: 100 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, PM मोदी ने व्यक्त किया शोक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार राम सुतार का बुधवार देर रात नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे और वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' गुजरात में स्थापित की गई है। 

शिल्पकार के पुत्र अनिल सुतार ने बृहस्पतिवार को प्रेस के साथ साझा किए एक नोट में कहा, ‘‘अत्यंत दुख के साथ हम आपको सूचित करते हैं कि मेरे पिता श्री राम वनजी सुतार का 17 दिसंबर की मध्यरात्रि को हमारे निवास पर निधन हो गया।’’ राम सुतार का जन्म 19 फरवरी 1925 को महाराष्ट्र के धुले जिले के गोंडूर गांव के एक साधारण परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव मूर्तिकला की ओर था। 

उन्होंने मुंबई के जेजे स्कूल ऑफ आर्ट एंड आर्किटेक्चर से स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। संसद परिसर में स्थापित ध्यान मुद्रा में महात्मा गांधी और घोड़े पर सवार छत्रपति शिवाजी की मूर्तियां उनकी बेहतरीन कृतियों में शामिल हैं। राम सुतार को उनकी कला के लिए 1999 में 'पद्म श्री' और 2016 में 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया गया था। हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र के सर्वोच्च पुरस्कार 'महाराष्ट्र भूषण' से भी नवाजा गया था। 

राष्ट्रपति मुर्मू ने व्यक्त किया शोक 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रख्यात मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके असाधारण योगदान ने भारत की कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पद्म भूषण से सम्मानित और प्रख्यात मूर्तिकार श्री राम सुतार जी के निधन से व्यथित हूं, जिनके असाधारण योगदान ने भारत की कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है।” 

मुर्मू ने कहा, “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित उनकी स्मारकीय कृतियां भारत की चिरस्थायी विरासत के महान प्रतीक हैं। उनकी कला आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।” उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित अपने आवास पर 100 वर्षीय सुतार ने बुधवार देर रात अंतिम सांस ली

PM मोदी ने व्यक्त किया शोक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर दुख जताया है। PM मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश में लिखा, "सुतार जी के निधन से बहुत दुख हुआ। वे एक शानदार मूर्तिकार थे, जिनकी महारत ने भारत को केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से सबसे मशहूर जगहें दीं। उनके कामों को हमेशा भारत के इतिहास, संस्कृति और सामूहिक भावना की दमदार अभिव्यक्ति के तौर पर सराहा जाएगा।

PM मोदी ने कहा, "मूर्तिकार सुतार ने आने वाली पीढ़ियों के लिए देश के गौरव को अमर कर दिया है। उनके काम कलाकारों और नागरिकों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार, चाहने वालों और उन सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, जो उनके शानदार जीवन और काम से प्रभावित हुए। ओम शांति।

वह स्वयं एक मूर्तिकार हैं जो अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। शतायु राम सुतार का अंतिम संस्कार गुरुवार को सेक्टर 94 में किया जाएगा। उन्हें आज गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया जाएगा। महान मूर्तिकार राम सुतार को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है। उन्होंने गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' को डिजाइन किया था। 

प्रख्यात मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर CM योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रख्यात मूर्तिकार राम वी सुतार के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महान मूर्तिकार, विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार राम. वी. सुतार का निधन अत्यंत दुःखद एवं कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति!’’ 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार राम सुतार का बुधवार देर रात नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे और वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।

ये भी पढ़े : 
आपबीती: याद आते हैं स्कूल के अमरूद-आम के पेड़

संबंधित समाचार