मुरादाबाद : प्रेमी बना रहा था शादी का दबाव, छात्रा ने की आत्महत्या, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पॉलिटेक्निक की छात्रा ने खुदकुशी से पहले प्रेमी को की थी वीडियो कॉल

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रावास में छात्रा के आत्महत्या करने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस को छात्रा के मोबाइल से सफलता मिली। छात्रा और कथित प्रेमी के बीच हुई वार्ता के आधार पर पुलिस ने आरोपी पीयूष गोले को गिरफ्तार कर जेल भेजा। 

जनपद संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कहरा कमंगर निवासी रविंद्र सिंह सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं। उनकी बड़ी बेटी ज्योति (19) शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में मैकेनिकल ट्रेड में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह कैंपस में बने हास्टल में ही रहती थी। 13 मई की रात में उसने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। छात्रा की मां मिथलेश ने इस मामले में शिक्षक आरिफ और छात्र प्रवीण के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।

बुधवार को पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में लाइनपार निवासी पीयूष गोले को गिरफ्तार किया है। पीयूष ने बताया कि वह और ज्योति पॉलिटेक्निक मैकेनिकल ट्रेड में एक साथ पढ़ते थे। एक साल पहले दोनों की दोस्ती हुई थी। फिर प्रेम प्रसंग हो गया। आरोपी ज्योति से शादी करना चाहता था, लेकिन छात्रा के परिवारवाले राजी नहीं थे। इस कारण दाेनों में कई बार झगड़ा भी हुआ। जिससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली।

एसपी सिटी ने बताया कि मोबाइल में पीयूष और छात्रा की बातचीत की रिकार्डिंग भी मिली है। जिसमें आरोपी अपनी शादी कहीं ओर होने की बात कह रहा था। इसी से खफा होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली। यही नहीं छात्रा ने आत्महत्या से पूर्व पीयूष को वीडियो काल की थी। एसपी सिटी ने बताया पकड़े गए आरोपी से मोबाइल फोन भी मिला है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन पर गार्डर गिरने से मजदूर की मौत, मचा हड़कंप

 

संबंधित समाचार