Banda Accident : स्कूल जा रहे दो सगे भाइयों को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अतर्रा बस स्टैंड के समीप हुआ हादसा   

अतर्रा /बांदा, अमृत विचार। साइकिल से स्कूल जा रहे दो सगे भाइयों को पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने थाने के समीप टक्कर मार दी। इससे छोटा भाई पहिये के नीचे आकर कुचल गया। उसकी मौत हो गई। बड़ा भाई घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा में दाखिल कराया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रक चालक को दबोच लिया गया। 

बिसंडा थाना क्षेत्र के भुराने पुरवा निवासी रामबाबू अपनी पत्नी सीमा और पांच बच्चों के साथ अतर्रा कस्बा स्थित आजाद नगर मुहल्ले में किराए के मकान में रहता है। उसके दो पुत्र रोहित (13) और शिव मोहित (10) अतर्रा स्थित विद्यालय में पढ़ते हैं। शिव मोहित कक्षा छह में और मोहित आठ में पढ़ते थे। दोनो गुरुवार की सुबह साइकिल से विद्यालय जा रहे थे, साइकिल मोहित चला रहा था। जैसे ही वह लोग थाने के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे शिव मोहित ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। उसकी कुचलकर मौके पर मौत हो गई। मोहित घायल हो गया। हादसे को देख आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। ट्रक चालक ट्रक को मौके पर ही खड़ा करके भागने लगा। उसे राहगीरों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मोहित को सीएचसी में दाखिल कराया गया। 

मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक शिवमोहित पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। पिता रामबाबू गुजरात के वापी में रहकर ट्रक चलाता है। वह कुछ दिन पहले ही वापी से गांव आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष मनोज शुक्ला ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 

ये भी पढ़ें - अयोध्या : बाडीवार्न कैमरे के साथ बाजार में खरीदारी करने पहुंचेंगे जीएसटी कर्मी

संबंधित समाचार