Unnao: पुट्टी की बोरी नहीं उठा पाने पर शिक्षक ने छात्रा को दी ऐसी सजा, हर कोई रह गया दंग, जानें- फिर क्या हुआ
उन्नाव में पुट्टी की बोरी न उठा पाने पर शिक्षक ने छात्रा को जूते से पीटा।
उन्नाव में पुट्टी की बोरी न उठा पाने पर शिक्षक ने छात्रा को जूते से पीटा। शिक्षक ने सफाई दी कि दरवाजा खोलते समय गिरने से बच्ची घायल हुई। मामले का संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों ने भी जांच शुरू कराई है।
उन्नाव, अमृत विचार। फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र में प्राइमरी स्कूल के शिक्षक ने पुट्टी की बोरी न उठा पाने पर छह वर्षीय छात्रा को जूते से पीट दिया। बच्ची ने घर पहुंचने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। छात्रा के पिता ने थाने पहुंच तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाक्षेत्र के अख्त्यारपुर गांव निवासी ताहिर पुत्र रईससुद्दीन ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी दो बेटियां शिफा (9) व जेबा (6) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में क्रमश: कक्षा चार व कक्षा दो में पढ़ती हैं। गुरुवार को छुट्टी के बाद घर लौटने पर जेबा ने बताया कि गौरव सर ने उससे पुट्टी की बोरी उठाने को कहा था। बोरी न उठा पाने पर गौरव सर ने जूते से उसकी पिटाई कर दी। बेटी के गाल पर जूते का निशान देख पिता उसे लेकर थाने पहुंचा। उसने बताया कि मास्टर ने किसी से शिकायत करने पर स्कूल से भगाने व जान से मारने की धमकी भी दी।
वहीं इस मामले में आरोपी शिक्षक का कहना है कि पुट्टी की बोरियां रखते समय जेबा दरवाजा बाहर से बंद करने जगी उसने जल्दबाजी में दौड़कर दरवाजा खोला जिससे वह गिरकर घायल हो गई। एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ मारपीट व धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में बीएसए संजय तिवारी ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गयी है। आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
