सीएम ने दिए बरेली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
बरेली, अमृत विचार। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद कोविड-19 संक्रमण से ज्यादा प्रभावित होने वाले बरेली समेत राज्य के 12 जिलों में और सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनपदों की समीक्षा करने के दौरान संक्रमण को कम करने के लिए किए गए प्रयासों के बाबत जानकारी ली। …
बरेली, अमृत विचार। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद कोविड-19 संक्रमण से ज्यादा प्रभावित होने वाले बरेली समेत राज्य के 12 जिलों में और सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनपदों की समीक्षा करने के दौरान संक्रमण को कम करने के लिए किए गए प्रयासों के बाबत जानकारी ली।
इसमें बरेली से उन्हें बताया गया कि ठीक होने वालों की दर 68.8 फीसद तक पहुंच गई है। मृत्युदर भी कम हुई है। होम आइसोलेट हुए संक्रमित औसतन 200 से 225 प्रतिदिन ठीक हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार की देर रात समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री ने बरेली, कानपुर नगर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बलिया, बस्ती, झांसी समेत 12 जिलों में खास सतर्कता के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक में शामिल रहे अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यहां कांट्रेक्ट ट्रेसिंग व डोर टु डोर सर्वे को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ एन-1, एल-2 और एल-3 अस्पतालों में बेड और आइसीयू बेड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि 1.23 लाख से अधिक घरों का सर्विलांस किया जा चुका है।
82 हजार से अधिक लोगों का सैंपल टेस्ट किया गया है। 49 लोगों को कांटेक्ट ट्रेसिंग में चिह्नित किया। बरेली में 370 कोरोना संक्रमित अस्पताल और 3164 होम आइसोलेट हैं। कलेक्ट्रट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 24 घंटे होम आइसोलेशन व अन्य मरीजों की निगरानी कर रहा है।
संक्रमण का पता करने के लिए तीन ट्रू नॉट मशीन उपलब्ध हैं। जिनसे अब तक 2741 टेस्ट किए जा चुके हैं। इसी प्रकार 12639 बॉयो सेंसर एंटीजन टेस्ट किट उपलब्ध हैं। कोविड अस्पतालों में 1110 बेड हैं। 300 बेड अस्पताल के 150 बेड मिलाकर कुल बेड की संख्या 1260 हैं।
